
इंडिगो एयरलाइंस द्वारा बड़ी संख्या में उड़ानें रद्द किए जाने से यात्रियों में मची अफरा-तफरी के बीच एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने राहत भरी घोषणा की है। दोनों कंपनियों ने फंसे हुए यात्रियों के लिए किराया सीमा तय करने, शुल्क माफी और अतिरिक्त उड़ानें जोड़ने का फैसला किया है।
इंडिगो की उड़ानें रद्द, हजारों यात्री परेशान
पिछले छह दिनों में इंडिगो ने भारी संख्या में उड़ानें रद्द की हैं। कंपनी का कहना है कि क्रू-रोस्टरिंग नियम, सीमित स्टाफ और सिस्टम समस्याओं की वजह से यह स्थिति बनी। दिल्ली, मुंबई, बेंगलुरु और हैदराबाद जैसे बड़े एयरपोर्ट पर हजारों यात्री अब भी वैकल्पिक उड़ानों की तलाश में फंसे हुए हैं। इसी दौरान आखिरी समय में टिकट बुक करने वालों को किराए में भारी वृद्धि का सामना करना पड़ा, जिससे नाराजगी बढ़ गई। मामला संसद तक पहुंच गया।
सरकार का निर्देश : तुरंत किराया सीमा तय करें
स्थिति बिगड़ते देख नागरिक उड्डयन मंत्रालय ने सभी एयरलाइनों को किराया सीमा फिक्स करने का आदेश दिया। हालांकि, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने 4 दिसंबर को ही किराया सीमा तय कर दी थी। सरकार के निर्देश के बाद कंपनियों ने इसकी फिर से पुष्टि की।

यात्रियों के लिए बड़ी राहत : कोई कैंसिलेशन फीस नहीं
कंपनी ने बताया कि 4 दिसंबर तक टिकट बुक कराने वाले यात्री 15 दिसंबर तक की यात्रा के लिए विशेष छूट के पात्र होंगे।
टिकट रद्द करने पर कैंसिलेशन फीस नहीं लगेगी
टिकट में बदलाव करने पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं
यह सुविधा 8 दिसंबर तक किए गए बदलावों के लिए लागू होगी
संपर्क के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं –
एयर इंडिया : +91 11 6932 9333
एयर इंडिया एक्सप्रेस : +91 124 443 5600, +91 124 693 5600
स्टूडेंट, सीनियर सिटिजन और सेना के जवानों को पहले की तरह रियायतें
कंपनी ने कहा कि स्टूडेंट्स, वरिष्ठ नागरिकों और सैन्य कर्मियों को मिलने वाली मौजूदा रियायतें जारी रहेंगी। जरूरत पड़ने पर यात्रियों को बिना अतिरिक्त शुल्क के उच्च केबिन में अपग्रेड भी दिया जाएगा। कंपनी अपने नेटवर्क में अतिरिक्त उड़ानें भी जोड़ रही है।
DGCA ने इंडिगो से रिपोर्ट मांगी
मामला बढ़ने पर DGCA ने इंडिगो से विस्तृत रिपोर्ट तलब की है। एजेंसी ने पूछा है – अचानक इतनी उड़ानें क्यों रद्द हुईं? नए नियम लागू होने के बावजूद एयरलाइन की व्यवस्था क्यों चरमरा गई? DGCA ने इंडिगो को दो दिनों में स्थिति सामान्य करने का आदेश दिया है। यात्रियों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में उड़ानों की स्थिति सुधरेगी और एयरलाइन संचालन सामान्य होगा।

