जमशेदपुर में दहशत फैलाने की थी साजिश, हथियार खरीदने नालंदा गये पांच अपराधी गिरफ्तार

Nalanda : जमशेदपुर में दहशत फैलाने की योजना बनाने वाले गैंगस्टर मनीष के गुर्गा समेत पांच अपराधियों को पुलिस ने नालंदा से गिरफ्तार किया है। ये अपराधी हथियार खरीदकर किसी नदीम ग्रुप से बदला लेने की तैयारी कर रहे थे। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अपराधियों में बिहार के गौरागढ़ थाना क्षेत्र के तस्कर मो० परवेज आलम, जमशेदपुर के मानगो थाना क्षेत्र के आजाद नगर के जियारजई और मो० महबूब उर्फ टिंकू, साकची थाना क्षेत्र के जाहिद हुसैन और कदमा थाना क्षेत्र के उलियोंव निवासी सौरभ झा शामिल हैं। पुलिस ने इनके पास से 5 पिस्टल, 11 मैगजीन, एके-47 की 153 गोलियां, .315 बोर की 1 गोली, 6 मोबाइल, 24 हजार रुपये नकद और एक स्कार्पियो बरामद किया है।

सूचना के आधार पर एसटीएफ और नालंदा पुलिस ने लहेरी थाना क्षेत्र स्थित सोहन कुँआ में त्रिभुवन के मकान की घेराबंदी कर तलाशी ली। तलाशी में हथियार और अन्य सामग्री बरामद हुई। इस कार्रवाई के दौरान मो० परवेज आलम और अन्य चार आरोपी गिरफ्तार किए गए। पुलिस ने बताया कि मो० परवेज आलम का अपराधिक इतिहास वर्ष 2013 से है और वह नालंदा जिला का रहने वाला है। बाकी चारों आरोपी जमशेदपुर के रहने वाले हैं। गिरफ्तार अपराधी हत्या जैसी गंभीर वारदात को अंजाम देने की योजना बना रहे थे। पुलिस ने आरोपियों को अदालत में पेश कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। इस कार्रवाई से इलाके में शांति बहाल करने में मदद मिलने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *