झारखंड में सर्दी का सितम जारी, तापमान 4 डिग्री तक गिरा

Ranchi : झारखंड में ठंड ने अपना असर तेज कर दिया है। गढ़वा, पलामू, लोहरदगा और रांची समेत कई जिलों में पिछले 24 घंटे के दौरान हाड़ कंपा देने वाली ठंड महसूस की गई। हालात ऐसे हैं कि धूप निकलने के बावजूद ठंडी और तेज हवा लोगों को घरों में रहने पर मजबूर कर रही है। इस मौसम में बुजुर्ग और बच्चे सर्दी, खांसी और सिरदर्द की समस्या से ज्यादा परेशान नजर आ रहे हैं।

रांची मौसम विभाग ने कड़ाके की ठंड को लेकर अलर्ट जारी किया है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, अगले तीन दिनों तक ठंड से राहत मिलने की कोई संभावना नहीं है। पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, खूंटी और रांची में न्यूनतम तापमान 4 से 6 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। वहीं देवघर, गोड्डा और पाकुड़ जैसे जिलों में तापमान 8 से 9 डिग्री के आसपास रहने की संभावना है।

गुरुवार को रांची समेत झारखंड के प्रमुख शहरों में तापमान में भारी गिरावट दर्ज की गई। रांची में अधिकतम तापमान 23 डिग्री और न्यूनतम 8 डिग्री सेल्सियस रहा। वहीं जमशेदपुर में 26/11 डिग्री, धनबाद में 25/10 डिग्री, बोकारो में 24/9 डिग्री और पलामू में 25/8 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार गुरुवार की सुबह कोहरा या धुंध छाए रहने की संभावना रही, जबकि दिन में आसमान साफ रहा। ठंडी हवाओं के कारण सुबह और शाम के समय लोगों को अधिक ठंड महसूस हुई।पिछले 24 घंटे में रांची का न्यूनतम तापमान 5.3 डिग्री दर्ज किया गया, जो इस सीजन का अब तक का सबसे कम तापमान है। वहीं चाईबासा में अधिकतम तापमान 29 डिग्री तक पहुंच गया। दिन में हल्की गर्मी और सुबह-शाम शीतलहर के कारण लोगों को मौसम की दोहरी मार झेलनी पड़ रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *