
पीएम मोदी को इथियोपिया का सबसे बड़ा सम्मान “द ग्रेट ऑनर निशान ऑफ इथियोपिया” दिया गया। PM मोदी यह अवॉर्ड पाने वाले दुनिया के पहले हेड ऑफ स्टेट या हेड ऑफ गवर्नमेंट हैं। यह सम्मान उनके इथियोपिया दौरे के दौरान दिया गया और यह उनके लिए 28वां विदेशी स्टेट अवॉर्ड है। पीएम मोदी ने इस अवसर पर कहा कि यह अवॉर्ड उनके लिए बहुत गर्व की बात है। उन्होंने कहा, “दुनिया की एक बहुत पुरानी और समृद्ध सभ्यता से सम्मानित होना मेरे लिए बहुत गर्व की बात है। यह अवॉर्ड उन सभी भारतीयों के लिए है, जिन्होंने भारत और इथियोपिया के रिश्तों को मजबूत किया।”
पीएम मोदी ने इथियोपिया के पीएम अबि अहमद अली का धन्यवाद किया। उन्होंने बताया कि पिछले महीने साउथ अफ्रीका में G20 समिट के दौरान PM अबि ने उन्हें इथियोपिया आने का आग्रह किया था। मोदी ने कहा, “आपके प्यार और स्नेह ने मुझे सिर्फ 24 दिनों के अंदर यहां पहुंचा दिया।” PM मोदी ने भारत और इथियोपिया के बीच शिक्षा और टीचरों की भूमिका की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि भारत के कई शिक्षक इथियोपियाई विश्वविद्यालयों और उच्च शिक्षा संस्थानों में काम कर रहे हैं और भविष्य की पीढ़ियों को तैयार करने में योगदान दे रहे हैं।
पीएम ने कहा, “भविष्य उन पार्टनरशिप का है जो भरोसे और विजन पर आधारित हों। भारत और इथियोपिया मिलकर ऐसी साझेदारी को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं, जो वैश्विक चुनौतियों का समाधान ला सके और नए अवसर पैदा कर सके।” पीएम मोदी ने यह अवॉर्ड भारत के 140 करोड़ लोगों को समर्पित किया और X पर लिखा, “मुझे ‘इथियोपिया के महान सम्मान निशान’ से सम्मानित होने पर गर्व है। मैं इसे भारत के 140 करोड़ लोगों को समर्पित करता हूं।”
