दीपिका पाण्डेय सिंह ने किया आजीविका न्याय सलाह केंद्र का उद्घाटन, 115 महिला उद्यमियों को CEF सहायता

सरकार की पहल से मजबूत होंगी ग्रामीण महिलाएँ, माण्डर में आजीविका और न्याय केंद्र शुरू

रांची जिले के माण्डर प्रखंड में आज माण्डर आजीविका न्याय सलाह केंद्र, एकल सुविधा केंद्र तथा माण्डर आजीविका महिला संकुल संगठन के कार्यालयों का विधिवत उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री, झारखंड सरकार, श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि राज्य सरकार ग्रामीण महिलाओं को आत्मनिर्भर, सशक्त एवं अधिकार-संपन्न बनाने के लिए निरंतर ठोस कदम उठा रही है।

OSF परियोजना के अंतर्गत सखी मंडल से जुड़ी 115 महिला उद्यमियों को कुल ₹59,72,000 की सीईएफ (Community Enterprise Fund) राशि प्रदान की गई तथा लाभुकों के बीच आजीविका से जुड़ी परिसंपत्तियों का वितरण भी किया गया। मंत्री ने कहा कि यह पहल महिलाओं को स्वरोज़गार, आर्थिक सुरक्षा और सम्मानजनक जीवन की ओर आगे बढ़ाने में सहायक सिद्ध होगी।

कार्यक्रम के दौरान जेंडर शपथ के माध्यम से सामाजिक समानता, सम्मान और जागरूकता का संदेश दिया गया। श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह ने कहा कि न्याय सलाह केंद्र और एकल सुविधा केंद्र ग्रामीण महिलाओं को न्याय, आजीविका और विभिन्न सरकारी सेवाओं तक सरल, सुलभ और एकीकृत पहुँच उपलब्ध कराने का सशक्त माध्यम बनेंगे।

इस अवसर पर झारखंड सरकार की माननीय कृषि, पशुपालन एवं सहकारिता मंत्री श्रीमती शिल्पी नेहा तिर्की की गरिमामयी उपस्थिति रही। उन्होंने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि महिला केंद्रित योजनाएँ राज्य के समग्र ग्रामीण विकास की आधारशिला हैं।

कार्यक्रम में प्रशासनिक अधिकारी, आजीविका मिशन से जुड़े प्रतिनिधि, स्वयं सहायता समूहों की महिलाएँ एवं बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *