
रांची, 16 मार्च। झारखंड में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और युवाओं के लिए बड़े पैमाने पर रोजगार के अवसर सृजित करने की दिशा में राज्य सरकार जल्द ही अहम कदम उठाने जा रही है। स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने घोषणा की है कि राज्य में जल्द ही दवा निर्माण उद्योग स्थापित किया जाएगा। इससे झारखंड दवा उत्पादन के क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनेगा और हजारों युवाओं को रोजगार के अवसर मिलेंगे।
डॉ. अंसारी राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) सभागार में आयोजित एक कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस कार्यक्रम का आयोजन Pharmacy Council of India, RKDF University और RKDF Pharmacy College के संयुक्त तत्वावधान में किया गया था, जिसमें फार्मेसी के विद्यार्थी, शिक्षक और स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े विशेषज्ञ बड़ी संख्या में उपस्थित थे।
स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि राज्य गठन के दो दशक से अधिक समय बीत जाने के बावजूद झारखंड में अब तक कोई बड़ा दवा निर्माण उद्योग स्थापित नहीं हो पाया है। उन्होंने कहा कि आज भी सामान्य दवाइयाँ, जैसे पैरासिटामोल, और आवश्यक चिकित्सा सामग्री जैसे डेक्सट्रोज सलाइन राज्य के बाहर से मंगानी पड़ती है। अब सरकार इस स्थिति को बदलने की दिशा में ठोस पहल कर रही है।
उन्होंने बताया कि राज्य में वर्तमान में 123 से अधिक फार्मेसी कॉलेज संचालित हैं और हर वर्ष लगभग 7000 छात्र-छात्राएं फार्मेसी की डिग्री प्राप्त करते हैं। ऐसे में इन युवाओं को राज्य के भीतर ही रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है।
डॉ. अंसारी ने यह भी घोषणा की कि राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के तहत ANM और GNM के 7300 से अधिक पदों पर जल्द बहाली की प्रक्रिया शुरू की जाएगी। इससे ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को और मजबूत किया जा सकेगा।
इसके अलावा उन्होंने बताया कि राज्य में 750 दवा स्टोर स्थापित किए जा रहे हैं, जहां बड़ी संख्या में फार्मासिस्टों की आवश्यकता होगी। इससे प्रशिक्षित युवाओं को रोजगार मिलेगा और आम लोगों को सस्ती व सुलभ दवाइयाँ उपलब्ध कराई जा सकेंगी।
फार्मेसी के विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए मंत्री ने कहा कि युवा राज्य और देश का भविष्य हैं। उन्होंने छात्रों से लगन और समर्पण के साथ पढ़ाई करने का आह्वान करते हुए कहा कि राज्य सरकार युवाओं के बेहतर भविष्य और मजबूत स्वास्थ्य व्यवस्था के निर्माण के लिए प्रतिबद्ध है।

