
Desk : ओडिशा के ढेंकनाल जिले के मोटांगा क्षेत्र में गोपालपुर गांव के पास एक पत्थर की खदान में बड़ा धमाका हुआ। इस हादसे में दो मजदूरों की मौत हो गई है, जबकि कई लोग खदान में फंसे हुए हैं। अधिकारियों का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है। स्थानीय प्रशासन और पुलिस ने तुरंत मौके पर पहुंचकर इलाके को घेराबंदी कर दी और सामान्य लोगों के प्रवेश पर रोक लगा दी। ओडापाड़ा तहसीलदार और मोटांगा पुलिस स्टेशन के अधिकारी शुरुआती जांच में जुटे हैं।
खदान अवैध रूप से संचालित हो रही थी। ढेंकनाल जिला खनन कार्यालय ने पहले ही 8 सितंबर, 2025 को ब्लास्टिंग की अनुमति न होने का हवाला देते हुए पट्टेदार को खदान बंद करने का आदेश दिया था। बावजूद इसके, ब्लास्टिंग जारी रही। धमाके के बाद खदान का एक हिस्सा मिट्टी के ढहने से दब गया। फायर विभाग और स्थानीय प्रशासन ने रेस्क्यू ऑपरेशन के लिए सात टीमें भेजी हैं। अधिकारियों के अनुसार खदान में बड़े पत्थरों के कारण राहत कार्य में कठिनाई आ रही है। स्थानीय लोग भी पट्टा समाप्त होने के बाद खनन को लेकर सवाल उठा रहे हैं।
