
Ranchi : झारखंड पुलिस मुख्यालय ने राज्य के सभी जिलों और संबंधित शाखाओं के एसपी को निर्देश दिया है कि वे 28 जनवरी 2016 के बाद सशर्त रूप से पदोन्नत हुए पुलिस इंस्पेक्टरों की सूची तत्काल उपलब्ध कराएं, जिन्होंने अब तक आठ सप्ताह का अनिवार्य प्रशिक्षण प्राप्त नहीं किया है।पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी आदेश में कहा गया है कि ऐसे इंस्पेक्टरों की जानकारी निर्धारित प्रारूप में 24 घंटे के भीतर भेजी जाए, ताकि उनके प्रशिक्षण की प्रक्रिया जल्द पूरी की जा सके। इस निर्देश के दायरे में गोड्डा, साहेबगंज, पाकुड़, जामताड़ा, देवघर, पलामू, लातेहार, चाईबासा, खूंटी, रामगढ़, हजारीबाग, गिरिडीह, कोडरमा, बोकारो सहित कई जिले और शाखाएं शामिल हैं। इसके अलावा अपराध अनुसंधान विभाग, संचार एवं तकनीकी सेवा, रेल पुलिस, जेपीए हजारीबाग, जेएपीटीसी पदमा, सीटीसी मुसाबनी और एटीएस रांची को भी सूची भेजने का निर्देश दिया गया है।
मुख्यालय ने स्पष्ट किया है कि तय समय सीमा में सूची नहीं भेजने पर संबंधित एसपी की जवाबदेही तय की जाएगी। सभी अधिकारियों को इस कार्य को सर्वोच्च प्राथमिकता पर पूरा करने का निर्देश दिया गया है। पुलिस विभाग के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य पदोन्नत अधिकारियों को समय पर प्रशिक्षण दिलाना और पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाना है। इससे कार्यकुशलता बढ़ेगी और कानून-व्यवस्था को बेहतर ढंग से संभालने में मदद मिलेगी।
