सीएम हेमंत से मिली अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर अनुष्का कुमारी, प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से हो चुकी हैं सम्मानित

Ranchi : झारखंड की प्रतिभावान अंतरराष्ट्रीय फुटबॉलर एवं प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित अनुष्का कुमारी ने रविवार को सीएम हेमंत सोरेन से शिष्टाचार भेंट की। मुख्यमंत्री ने अनुष्का को नव वर्ष की शुभकामनाएं देते हुए अंतरराष्ट्रीय फुटबॉल में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए प्रोत्साहित किया और सम्मानित किया। सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि नया वर्ष आपके लिए और भी उपलब्धियां लेकर आए। आप अपने खेल के दम पर देश और दुनिया में झारखंड का नाम रोशन करें। राज्य सरकार की ओर से आपको हर संभव सहयोग मिलेगा। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने अनुष्का को स्पोर्ट्स किट भी प्रदान की। अनुष्का ने अपने अब तक के खेल अनुभव मुख्यमंत्री के साथ साझा किए।

सीएम ने स्पष्ट कहा कि झारखंड में खेल प्रतिभाओं की कोई कमी नहीं है। सरकार खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, संसाधन और अवसर उपलब्ध कराने के लिए लगातार ठोस कदम उठा रही है, ताकि वे राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ सकें। उन्होंने अनुष्का से कहा कि वह बेफिक्र होकर अपने खेल पर ध्यान दें, सरकार हर जरूरत में साथ खड़ी है। इस दौरान मुख्यमंत्री ने रांची जिले के ओरमांझी प्रखंड स्थित अनुष्का के गांव रुक्का में खेल मैदान विकसित करने का निर्देश जिला प्रशासन को दिया। साथ ही उन्होंने अनुष्का के परिजनों को सरकार की कल्याणकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने को कहा। मुख्यमंत्री ने कहा कि आर्थिक कठिनाइयों के कारण किसी भी खिलाड़ी की प्रतिभा दबनी नहीं चाहिए।

मालूम हो कि अनुष्का कुमारी ने सीमित संसाधनों और कठिन परिस्थितियों के बावजूद फुटबॉल में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह “द गोल मशीन” के नाम से जानी जाती हैं। उनके पिता दिलेश मुंडा दिव्यांग हैं, जबकि माता दिहाड़ी मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करती हैं। अनुष्का को 26 दिसंबर 2025 को नई दिल्ली में आयोजित राष्ट्रीय वीर बाल दिवस समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु ने फुटबॉल में उत्कृष्ट उपलब्धियों के लिए प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया था। वह मार्च में चीन में होने वाली एशियाई अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व करेंगी। इससे पहले भूटान में आयोजित सैफ अंडर-17 फुटबॉल प्रतियोगिता में विजेता भारतीय टीम की प्रमुख खिलाड़ी रहीं और सर्वाधिक सात गोल कर प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट बनी थीं। फिलहाल अनुष्का आवासीय बालिका फुटबॉल प्रशिक्षण केंद्र, हजारीबाग में प्रशिक्षण ले रही हैं और इस वर्ष दसवीं की परीक्षा में शामिल होंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *