महिलाओं के आत्मविश्वास और समर्पण से झारखंड गढ़ रहा है सशक्त और आत्मनिर्भर भविष्य

रांची में आयोजित दैनिक भास्कर विमेन प्राइड अवार्ड्स 2026 में झारखंड की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह ने आत्मविश्वास, संघर्ष और परिश्रम से समाज को नई दिशा देने वाली महिलाओं को सम्मानित किया।

इस अवसर पर मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि झारखंड की महिलाएँ आज बदलाव की अग्रदूत बनकर उभर रही हैं। ग्रामीण विकास विभाग के अंतर्गत JSLPS से जुड़ी बहनों ने स्वरोजगार से अपनी यात्रा शुरू कर आज आत्मनिर्भर उद्यमी के रूप में पहचान बनाई है। उनके उत्पादों को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान मिलना पूरे राज्य के लिए गर्व की बात है।

उन्होंने आगे कहा कि पर्यावरण संरक्षण के क्षेत्र में भी इन महिलाओं का योगदान सराहनीय है। समूह की बहनों द्वारा पौने तीन करोड़ से अधिक फलदार एवं टिंबर के वृक्ष लगाकर न केवल अपनी आजीविका को सशक्त किया गया है, बल्कि आम जैसे उत्पादों का निर्यात कर एक हरित एवं समृद्ध भविष्य की मजबूत नींव रखी गई है।

मंत्री ने कहा कि विपरीत परिस्थितियों का सामना करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों की महिलाएँ आज सजग, सशक्त और समाज के विकास में सक्रिय भूमिका निभा रही हैं। मनरेगा में महिलाओं की बढ़ती भागीदारी, जहाँ 52 प्रतिशत महिलाओं तक जॉब कार्ड पहुँचा है, यह दर्शाता है कि राज्य में महिला सशक्तिकरण को नई दिशा मिल रही है और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिल रही है।

श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह ने सभी सम्मानित महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि उनका संघर्ष और समर्पण आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *