झारखंड पुलिस के सब इंस्पेक्टरों की वरीयता सूची 2026 जारी, वेबसाइट पर उपलब्ध

Ranchi : झारखंड पुलिस मुख्यालय ने पुलिस सब इंस्पेक्टर संवर्ग की औपबंधिक राज्य वरीयता सूची वर्ष 2026 के लिए जारी कर दी है। इस सूची में वरीयता क्रमांक 1 से 4307 तक के पदाधिकारियों के नाम शामिल किए गए हैं। पुलिस मुख्यालय की ओर से जारी की गई यह सूची झारखंड पुलिस की आधिकारिक वेबसाइट [www.jhpolice.gov.in](http://www.jhpolice.gov.in) पर अपलोड कर दी गई है। विभाग ने सभी जिला और क्षेत्रीय अधिकारियों को निर्देश दिया है कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में इस सूची का व्यापक प्रचार-प्रसार करें, ताकि सभी संबंधित पदाधिकारियों को इसकी जानकारी मिल सके।

विभागीय निर्देश के अनुसार, यदि किसी पदाधिकारी को सूची में अपने नाम, वरीयता क्रम या अन्य विवरण में कोई त्रुटि दिखाई देती है, तो वे पत्र जारी होने की तिथि से एक सप्ताह के भीतर आवश्यक प्रमाण के साथ अपनी आपत्ति दर्ज करा सकते हैं। निर्धारित समय सीमा के बाद प्राप्त होने वाले अभ्यावेदनों पर विचार नहीं किया जाएगा। पुलिस मुख्यालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि सूची में दर्ज सभी जानकारियों का मिलान संबंधित पदाधिकारियों की सेवा पुस्तिका और अन्य आधिकारिक अभिलेखों से किया जाना अनिवार्य है। यदि किसी अधिकारी का नाम सूची में छूट गया हो या पदस्थापन से संबंधित कोई गड़बड़ी हो, तो इसकी सूचना निर्धारित प्रपत्र में अलग से दी जा सकती है।

यह वरीयता सूची राज्य के सभी जिला और क्षेत्रीय पुलिस कार्यालयों, विशेष शाखा, अपराध अनुसंधान विभाग, जे.जे.एफ. डब्ल्यू.एफ.एस. सहित अन्य संबंधित इकाइयों को सूचनार्थ भेज दी गई है। पुलिस विभाग के अनुसार, इस वरीयता सूची के आधार पर भविष्य में पदोन्नति, स्थानांतरण और अन्य विभागीय प्रक्रियाओं को पारदर्शी और व्यवस्थित ढंग से पूरा किया जाएगा, जिससे कर्मचारियों को समय पर लाभ मिल सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *