बैडमिंटन कोर्ट पर न्यायाधीशों का जलवा, ऑल इंडिया जजेज बैडमिंटन चैंपियनशिप संपन्न

Ranchi : झारखंड हाई कोर्ट के तत्वावधान में आयोजित 2nd ऑल इंडिया जजेज बैडमिंटन चैंपियनशिप 2026 का रविवार को सफल समापन हो गया। दो दिवसीय यह राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता 3 से 4 जनवरी तक खेलगांव परिसर स्थित ठाकुर विश्वनाथ शहदेव इंडोर स्टेडियम, मेगा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में आयोजित की गई। चैंपियनशिप में देश के 9 हाई कोर्ट से आए 31 न्यायाधीशों ने भाग लिया। प्रतियोगिता के दौरान मेन सिंगल्स, वूमेन सिंगल्स, मेन डबल्स और मिक्स्ड डबल्स चार वर्गों में मुकाबले हुए। सभी मुकाबलों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल कौशल, अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया।

समापन समारोह में झारखंड हाई कोर्ट के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति तरलोक सिंह चौहान ने विजेता और उपविजेता प्रतिभागियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि इस तरह की खेल प्रतियोगिताएं न्यायपालिका के सदस्यों को स्वस्थ रखने के साथ-साथ आपसी मेलजोल और सौहार्द को भी मजबूत करती हैं।

इस प्रकार रहे परिणाम
मेन सिंगल्स में बॉम्बे हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति फरहान परवेज़ दुबास ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। केरल हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति बेचू कुरियन थॉमस दूसरे स्थान पर रहे, जबकि इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति तेज प्रताप तिवारी तीसरे स्थान पर रहे।वूमेन सिंगल्स में उड़ीसा हाईकोर्ट की न्यायमूर्ति सावित्री राठो विजेता रहीं। राजस्थान हाई कोर्ट की न्यायमूर्ति रेखा बोराना उपविजेता बनीं और न्यायमूर्ति नूपुर भाटी ने तीसरा स्थान हासिल किया।

मेन डबल्स में बॉम्बे हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति फरहान परवेज़ दुबास और न्यायमूर्ति सारंग वी. कोटवाल की जोड़ी ने खिताब जीता। केरल हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति बेचू कुरियन थॉमस और न्यायमूर्ति राजा विजयराघवन वी. उपविजेता रहे। मद्रास हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति सी. सारावाना और न्यायमूर्ति जी.के. इलंथिरैयन को तीसरा स्थान मिला।

मिक्स्ड डबल्स में उड़ीसा हाई कोर्ट के न्यायमूर्ति वी. नरसिंह और न्यायमूर्ति सावित्री राठो विजेता बने। राजस्थान हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति रवि चिरानिया और न्यायमूर्ति रेखा बोराना उपविजेता रहे, जबकि न्यायमूर्ति फरजान्द अली और न्यायमूर्ति नूपुर भाटी को तीसरा स्थान मिला।

प्रतियोगिता के सफल आयोजन के लिए जिला प्रशासन रांची द्वारा किए गए प्रबंधन और व्यवस्थाओं की प्रतिभागियों एवं अतिथियों ने सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *