महागामा में विकास की नई धारा: मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कई योजनाओं का किया शिलान्यास

ठाकुरगंगटी (महागामा) | 20 मार्च 2026
झारखंड सरकार की ग्रामीण विकास एवं पंचायती राज मंत्री और महागामा की विधायक दीपिका पांडेय सिंह ने ठाकुरगंगटी प्रखंड में जल संसाधन एवं आधारभूत संरचना से जुड़ी कई महत्वपूर्ण योजनाओं का शिलान्यास किया। इन योजनाओं से क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है।
मंत्री ने फूलवरिया पंचायत के रतनपुर में ₹1.1 करोड़ की लागत से चेक डैम, बनियाडीह पंचायत के हसनान घाट के पास कोआ नदी पर ₹1.3 करोड़ का चेक डैम, जोरिया में ₹1.7 करोड़ की लागत से बीयर निर्माण कार्य, पंजाड़ीह पंचायत के मुकेरीचक में ₹1.1 करोड़ का चेक डैम तथा विधानपुर में ₹54 लाख की लागत से पोखर जीर्णोद्धार कार्य का शुभारंभ किया।
इस अवसर पर मंत्री ने कहा कि ये योजनाएं जल प्रबंधन को मजबूत करेंगी, सिंचाई व्यवस्था को बेहतर बनाएंगी और किसानों की आय बढ़ाने में सहायक होंगी। उन्होंने कहा कि जल संचयन को बढ़ावा देकर क्षेत्र में दीर्घकालिक विकास सुनिश्चित किया जाएगा।
उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि राज्य सरकार ग्रामीण क्षेत्रों के समग्र विकास के लिए प्रतिबद्ध है और सभी योजनाओं को धरातल पर प्रभावी तरीके से लागू किया जा रहा है, ताकि आम जनता को सीधा लाभ मिल सके।
स्थानीय लोगों ने इन योजनाओं के लिए मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया और कहा कि इससे क्षेत्र में विकास की रफ्तार और तेज होगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *