रांची में पुलिस अधिकारी रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, ACB ने की कार्रवाई

Ranchi : रांची में पुलिस अवर निरीक्षक श्याम नन्दन पासवान को रिश्वत लेते हुए गिरफ्तार किया गया है। यह कार्रवाई भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी), रांची की टीम ने की है। एसीबी को मिली शिकायत के अनुसार, श्याम नन्दन पासवान ने एक परिवादी के टाटा एलपीटी 14 चक्का ट्रक की यांत्रिक जांच के लिए एमवीआई के पास रिपोर्ट भेजने के बदले 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी थी। परिवादी ने रिश्वत देने से इनकार किया, लेकिन आरोपी अवर निरीक्षक लगातार फोन कर थाना बुलाता रहा और पैसे की मांग करता रहा।

परेशान होकर परिवादी ने इसकी शिकायत एसीबी से की। शिकायत के सत्यापन के दौरान एसीबी ने जांच की, जिसमें रिश्वत मांगने की बात सही पाई गई। इसके बाद 7 जनवरी 2026 को बेड़ो थाना कांड संख्या-02/2026 के तहत भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धारा 7(a) (संशोधित 2018) में मामला दर्ज किया गया। बुधवार 9 जनवरी 2026 को एसीबी की धावा दल टीम ने बेड़ो थाना परिसर में श्याम नन्दन पासवान को 10 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एसीबी ने बताया कि आरोपी के खिलाफ आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *