
रांची। झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने बुधवार को रांची के एचईसी सेक्टर-2 स्थित राम श्याम कुटीर में आयोजित जनसभा में कांग्रेस समर्थित महापौर उम्मीदवार रमा खलको के समर्थन में लोगों से संवाद किया।

सभा को संबोधित करते हुए मंत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे अपने अधिकार, सम्मान और सशक्त भविष्य के लिए एक मजबूत एवं संवेदनशील नेतृत्व का चयन करें। उन्होंने कहा कि रमा खलको एक अनुभवी और योग्य प्रत्याशी हैं, जिन्हें पार्टी का पूर्ण समर्थन प्राप्त है। उनके पिछले कार्यकाल में नगर निगम के कार्यों में पारदर्शिता और सकारात्मक पहल देखने को मिली तथा किसी प्रकार का विवाद नहीं रहा।

मंत्री ने कहा कि साफ-सफाई, सीवरेज व्यवस्था और एचईसी क्षेत्र की सड़कों के विकास जैसे मुद्दों पर रमा खलको ने पहले भी गंभीरता से काम किया है और आगे भी इन प्राथमिकताओं को जारी रखने की प्रतिबद्धता व्यक्त की है। इसके अलावा पेयजल आपूर्ति की बेहतर व्यवस्था, नगर निगम के माध्यम से आजीविका के अवसर सृजित करना और शहरी क्षेत्रों में रोजगार की संभावनाओं को बढ़ाना उनकी कार्ययोजना का हिस्सा है।

उन्होंने कहा कि रमा खलको का व्यवहार समावेशी और संवेदनशील है तथा वे राजनीतिक, सामाजिक और धार्मिक सभी मंचों पर बिना किसी भेदभाव के सबको साथ लेकर चलने का प्रयास करती हैं। मंत्री ने महिलाओं की भागीदारी पर जोर देते हुए कहा कि आरक्षण के कारण आज स्थानीय निकायों में महिलाओं की भूमिका मजबूत हुई है और ऐसे में महिलाओं का समर्थन एवं सक्रिय सहभागिता महत्वपूर्ण है।

कार्यक्रम में जेसीएस अध्यक्ष सह कांग्रेस महासचिव अजय नाथ सहदेव सहित संगठन के अन्य पदाधिकारी एवं समर्थक उपस्थित थे।

