सोमा मुंडा ह’त्याकांड में 2 शूटर सहित 6 गिरफ्तार, अन्य की तलाश जारी

Khunti : खूंटी जिले के खूंटी थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम जमुवादाग तालाब के समीप 7 जनवरी 2026 को दंगल संगा पड़हा राजा सोमा मुंडा की गोली मारकर की गई हत्या मामले में पुलिस ने बड़ा खुलासा किया है। इस कांड में शामिल दोनों शूटर और साजिशकर्ता समेत छह और आरोपियों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि मृतक की पत्नी के आवेदन पर 8 जनवरी 2026 को खूंटी थाना कांड संख्या 03/2026 दर्ज कर अज्ञात अपराधियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक, खूंटी ने अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, तोरपा के नेतृत्व में विशेष जांच टीम (एसआईटी) का गठन किया था।

एसआईटी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए पहले ही आठ आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। इसके बाद लगातार छापेमारी के दौरान छह और आरोपियों को पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने स्वीकार किया कि जमीन की खरीद-बिक्री में बार-बार हस्तक्षेप करने से नाराज होकर उन्होंने जमीन कारोबारियों के साथ मिलकर सोमा मुंडा की हत्या की साजिश रची थी।एसपी के अनुसार, आरोपियों ने पहले मृतक की गतिविधियों पर नजर रखी, फिर योजना बनाकर गोली मारकर उसकी हत्या कर दी। घटना को अंजाम देने के बाद सभी आरोपी फरार हो गए थे।

गिरफ्तार आरोपी
गिरफ्तार आरोपियों में दानियल संगा, सुमित दगल सांड, मारकुस संगा, रोशन मिचयाड़ी, संदीप खलखो और संतोष दगल सांड शामिल हैं। सभी आरोपी खूंटी जिले के विभिन्न गांवों के निवासी हैं।

हथियार व वाहन बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से एक देशी पिस्टल, चार जिंदा गोली, घटना में प्रयुक्त पल्सर मोटरसाइकिल, टाटा टियागो कार, रेकी में इस्तेमाल की गई बाइक, शूटरों के कपड़े, हेलमेट, जूते-चप्पल तथा सात मोबाइल फोन बरामद किए हैं।

फरार आरोपियों की तलाश जारी
एसपी मनीष टोप्पो ने बताया कि इस हत्याकांड में शामिल अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। जल्द ही सभी फरार अपराधियों को पकड़ लिया जाएगा।

पुलिस का दावा है कि इस मामले का लगभग पूरा खुलासा कर लिया गया है। जमीन विवाद को हत्या का मुख्य कारण बताया जा रहा है। पुलिस की इस कार्रवाई से क्षेत्र में कानून-व्यवस्था को लेकर लोगों में भरोसा बढ़ा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *