दतैल हाथी का तांडव : पति-पत्नी और तीन मासूमों की ले ली जान

Chaibasa : जिले में जंगली हाथियों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। बीती देर रात चाईबासा के एक गांव में दतैल हाथी ने घुसकर एक ही परिवार के पांच लोगों की जान ले ली। इस दर्दनाक हादसे में पति-पत्नी और उनके तीन मासूम बच्चों की मौके पर ही मौत हो गई। परिवार का एक बच्चा किसी तरह बचकर बाहर निकलने में सफल रहा।

परिवार पर हाथी का हमला
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के समय पूरा परिवार अपने घर के अंदर सो रहा था। देर रात जंगली हाथी अचानक गांव में घुस आया और मकान को क्षतिग्रस्त करते हुए घर में मौजूद लोगों पर हमला कर दिया। हाथी के तांडव से घर पूरी तरह तबाह हो गया और परिवार के पांच सदस्यों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई।

ग्रामीणों में दहशत, वन विभाग पर आक्रोश
झुंड से बिछड़ा दतैल हाथी पिछले पांच दिनों में कई लोगों की जान ले चुका है। ग्रामीणों का कहना है कि वन विभाग अब तक उसे जंगल में खदेड़ने के लिए ठोस कदम नहीं उठा पाया है। इस वजह से गांवों में दहशत का माहौल है। लोग शाम ढलते ही घर छोड़ जंगल की ओर चले जाते हैं और वहां मशाल जलाकर रात बिताकर हाथियों को खदेड़ने का प्रयास कर रहे हैं।

विशेष टीम द्वारा हाथी को खदेड़ने का प्रयास
हाथी को उग्र होते देख वन विभाग ने पश्चिम बंगाल और गुजरात से टीम बुलाई है। यह टीम दतैल हाथी को जंगल में खदेड़ने के लिए जुटी हुई है। पिछले पांच दिनों से लगातार हाथियों के हमलों में लोगों की मौत से ग्रामीणों में वन विभाग के प्रति गुस्सा भी देखा जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *