भोगनाडीह में संथाल परगना स्थापना दिवस कार्यक्रम स्थगित, चंपाई सोरेन ने सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

Sahibganj : साहिबगंज जिले की वीर स्थली भोगनाडीह में 22 दिसंबर को होने वाला संथाल परगना स्थापना दिवस कार्यक्रम स्थगित कर दिया गया है। इसको लेकर पूर्व मुख्यमंत्री और भाजपा नेता चंपाई सोरेन ने राज्य सरकार और जिला प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए हैं। चंपाई सोरेन ने कहा कि जिला प्रशासन द्वारा लगाई गई सख्त और अव्यवहारिक शर्तों के कारण शहीद वीर सिदो-कान्हू हूल फाउंडेशन को कार्यक्रम स्थगित करना पड़ा। उन्होंने इसे प्रशासन की तानाशाही बताया।

पूर्व सीएम ने कहा कि प्रशासन ने अनुमति देने में देरी की और अंतिम समय में कई शर्तें लगा दीं, जिनमें बड़ी संख्या में मजिस्ट्रेट की तैनाती, वॉलेंटियरों की सूची जमा करना और अन्य बंदिशें शामिल थीं। उनका आरोप है कि इन शर्तों के जरिए कार्यक्रम को जानबूझकर रोका गया। शहीदों के वंशज मंडल मुर्मू ने भी कहा कि प्रशासन की शर्तों से ऐसा लग रहा था कि आयोजकों को किसी विवाद में फंसाने की कोशिश की जा रही है, इसलिए कार्यक्रम स्थगित करने का फैसला लिया गया।

चंपाई सोरेन ने ऐलान किया कि 30 जून 2026 को हूल दिवस के अवसर पर झारखंड, बंगाल, बिहार और ओडिशा से लाखों आदिवासी भोगनाडीह पहुंचेंगे। उन्होंने कहा कि अगर सरकार में ताकत है तो उन्हें रोक कर दिखाए। पूर्व सीएम ने सवाल उठाया कि साहिबगंज जिले में ही ऐसे कार्यक्रमों पर सख्ती क्यों की जा रही है, जबकि अन्य जिलों में इस तरह की कोई समस्या नहीं होती।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *