म्यांमार में सुबह-सुबह डोली धरती, महसूस किए गए भूकंप के झटके

भारत के पड़ोसी म्यांमार में गुरुवार सुबह भूकंप के झटके महसूस किए गए। लोगों में डर और दहशत फैली और कई लोग घरों से बाहर निकल आए। हालांकि अभी तक किसी जानमाल या संपत्ति के नुकसान की सूचना नहीं मिली है। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (एनसीएस) के अनुसार, भूकंप रिक्टर स्केल पर 4.4 तीव्रता का था और यह 100 किमी की गहराई पर आया। भूकंप का स्थान अक्षांश 26.07 उत्तर और देशांतर 97.00 पूर्व दर्ज किया गया।

बता दें कि दिसंबर महीने में यह म्यांमार में चौथी बार भूकंप है। 13 दिसंबर को 3.9, 11 दिसंबर को 3.8 और 10 दिसंबर को 4.6 तीव्रता के झटके महसूस किए गए थे। मार्च में 7.7 तीव्रता वाला विनाशकारी भूकंप म्यांमार में आया था, जिसने हजारों लोगों की जान ली और व्यापक तबाही मचाई थी।

विशेषज्ञों के अनुसार, म्यांमार भूकंप और सुनामी के खतरे के प्रति संवेदनशील है। देश लंबे समुद्री तट और चार टेक्टोनिक प्लेटों भारतीय, यूरेशियन, सुंडा और बर्मा के बीच स्थित है। इन प्लेटों की टकराने वाली गतिविधियों के कारण यहां मध्यम से बड़े भूकंप आते रहते हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *