
Ranchi : सीएम हेमंत सोरेन ने मंगलवार को झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (जेएसएससी) द्वारा आयोजित झारखंड सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा–2023 (सीजीएल) के माध्यम से चयनित 1910 अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र सौंपे। मोरहाबादी मैदान, रांची में आयोजित भव्य समारोह में मुख्यमंत्री ने नव नियुक्त युवाओं को बधाई देते हुए इसे नए वर्ष का बड़ा उपहार बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि जिस मेहनत, धैर्य और संघर्ष से अभ्यर्थियों ने यह मुकाम हासिल किया है, उसी निष्ठा और ईमानदारी से वे राज्य सेवा में भी अपना योगदान दें। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल नियुक्ति देना नहीं, बल्कि योग्य और समर्पित युवाओं के माध्यम से राज्य को आगे बढ़ाना है।
पारदर्शिता से हुई परीक्षा, साजिशें हुईं नाकाम
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि जेएसएससी-सीजीएल परीक्षा के दौरान कई तरह की चुनौतियां सामने आईं, लेकिन सरकार ने पूरी पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ परीक्षा प्रक्रिया को पूरा कराया। कुछ तत्वों ने व्यवधान डालने की कोशिश की, लेकिन सरकार की सख्ती और ईमानदार प्रयासों से सभी साजिशें विफल रहीं। उन्होंने कहा कि मेहनत और ईमानदारी से किया गया प्रयास कभी व्यर्थ नहीं जाता।
युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों पर सख्त कार्रवाई
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने स्पष्ट शब्दों में कहा कि युवाओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा। जो भी परीक्षा प्रणाली से छेड़छाड़ या भ्रष्टाचार में लिप्त पाए जाएंगे, उन्हें जेल भेजा जाएगा।
सरकार युवाओं के साथ खड़ी
मुख्यमंत्री ने कहा कि राज्य सरकार युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने नव नियुक्त अभ्यर्थियों से अपील की कि वे अपने आसपास के युवाओं को भी आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। जब हर युवा सशक्त होगा, तभी राज्य मजबूत बनेगा।
नौकरी के साथ सुरक्षा की भी गारंटी
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बताया कि सरकार ने सरकारी कर्मचारियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विभिन्न बैंकों के साथ एमओयू किया है। इसके तहत दुर्घटना की स्थिति में एक करोड़ रुपये तक की आर्थिक सहायता दी जाएगी। यह सुविधा स्थायी और संविदा कर्मियों दोनों को मिलेगी।
एक साल में 10 हजार से अधिक नियुक्तियां
मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2019 से अब तक सरकार ने लाखों युवाओं को रोजगार दिया है। वर्ष 2024 में ही एक कार्यक्रम के माध्यम से लगभग 9,000 युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए गए थे और अब 1910 और अभ्यर्थियों को नियुक्ति मिली है। विभिन्न विभागों में भर्ती की प्रक्रिया लगातार जारी है।
अभ्यर्थियों ने जताया आभार
कार्यक्रम में चयनित अभ्यर्थियों ने भी अपने अनुभव साझा किए। सहायक प्रशाखा पद पर चयनित एन. आइसा कुजूर ने कहा कि परीक्षा पूरी तरह पारदर्शी रही और सरकार ने योग्य उम्मीदवारों को आगे बढ़ने का मौका दिया। वहीं, निशा तिग्गा ने कहा कि लंबे संघर्ष के बाद मिली सफलता बेहद खुशी देने वाली है। कोडरमा के अनिल रजक ने बताया कि कठिन परिस्थितियों में भी उन्होंने हार नहीं मानी और आज मेहनत रंग लाई। संथाल की कविता पहाड़िया ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि नियुक्ति पत्र मिलना उनके जीवन का सबसे यादगार क्षण है।
कार्यक्रम में रहे कई गणमान्य उपस्थित
इस अवसर पर मंत्री राधाकृष्ण किशोर, दीपक बिरुवा, संजय प्रसाद यादव, शिल्पी नेहा तिर्की, राज्यसभा सांसद महुआ माजी, विधायक कल्पना सोरेन, सबिता महतो, राजेश कच्छप, सुखराम उरांव, सुरेश कुमार बैठा, जीगा सुशारण होरो, संजीव सरदार सहित मुख्य सचिव अविनाश कुमार, विकास आयुक्त अजय कुमार सिंह, पुलिस महानिदेशक तदाशा मिश्रा सहित कई वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।
