बोकारो से अपहृत युवती को 6 महीने बाद खोज निकाली पुलिस, हरियाणा से किया सकुशल बरामद

Bokaro : बोकारो के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र अंतर्गत कुर्रा बाजार से अपहृत एक युवती को बोकारो पुलिस ने हरियाणा के मानेसर से सकुशल बरामद कर लिया है। इस कार्रवाई के साथ ही पुलिस ने अपहरण के एक गंभीर मामले का सफल उद्भेदन किया है। चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह ने मीडिया को बताया कि 2 जुलाई 2025 को कुर्रा बाजार से अज्ञात अपराधकर्मी द्वारा युवती का अपहरण कर लिया गया था। इस मामले में पीड़िता के पिता सुन्दर लाल तुरी ने पिंड्राजोरा थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी।

मामले की जांच और युवती की बरामदगी के लिए बोकारो एसपी हरविंदर सिंह के निर्देश पर चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह के नेतृत्व में विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। टीम ने मानवीय और तकनीकी सूचनाओं के आधार पर लगातार छानबीन करते हुए हरियाणा राज्य के मानेसर में छापामारी की, जहां से युवती को सुरक्षित बरामद किया गया। बरामद की गई युवती की पहचान वैष्णवी कुमारी (उम्र लगभग 19 वर्ष) के रूप में हुई है। वह ग्राम कुरमा, थाना पिंड्राजोरा, जिला बोकारो की रहने वाली है। पुलिस ने युवती को सकुशल परिजनों के सुपुर्द कर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी है।

इस कार्रवाई में चास एसडीपीओ प्रवीण कुमार सिंह, इंस्पेक्टर रूपेन्द्र कुमार राणा, पिंड्राजोरा थानेदार अभिषेक कुमार रंजन, अनुसंधानकर्ता चंदन कुमार दुबे, बनगडिया ओपी प्रभारी शुभम कुमार गोप, एएसआई क्यामुदीन अंसारी समेत कई पुलिस पदाधिकारी और कर्मियों की भूमिका सराहनीय रही।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *