
New Delhi : भारत निर्वाचन आयोग (ECI) 21 से 23 जनवरी, 2026 तक भारत अंतर्राष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन सम्मेलन (IICDEM) 2026 की मेजबानी करेगा। यह तीन-दिवसीय सम्मेलन भारत मंडपम, नई दिल्ली में आयोजित होगा और इसमें दुनिया भर के 70 से ज़्यादा देशों के लगभग 100 प्रतिनिधि शामिल होंगे। सम्मेलन के दौरान 40 से ज़्यादा द्विपक्षीय बैठकें और 36 विषयगत ब्रेकआउट सत्र आयोजित किए जाएंगे।
उद्घाटन सत्र में मुख्य चुनाव आयुक्त करेंगे स्वागत
IICDEM-2026 का उद्घाटन भारत के मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार, चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी करेंगे। वे सम्मेलन में आने वाले अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों और विशेषज्ञों का स्वागत करेंगे और कार्यवाही की शुरुआत करेंगे।
वैश्विक लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन पर चर्चा
तीन-दिवसीय कार्यक्रम में चुनाव प्रबंधन निकायों (EMBs) के सामान्य और पूर्ण सत्र शामिल होंगे। उद्घाटन सत्र, EMB नेताओं का पूर्ण सत्र, EMB कार्य समूह की बैठकें, वैश्विक चुनावी मुद्दों, अंतर्राष्ट्रीय चुनावी मानकों, नवाचार और सर्वोत्तम प्रथाओं पर केंद्रित विषयगत सत्र आयोजित किए जाएंगे।
शैक्षणिक संस्थानों की सक्रिय भागीदारी
सम्मेलन में राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के CEO के नेतृत्व में 36 विषयगत समूहों में गहन विचार-विमर्श होगा। इसमें 4 IIT, 6 IIM, 12 राष्ट्रीय विधि विश्वविद्यालय (NLUs) और IIMC सहित प्रमुख शैक्षणिक संस्थान हिस्सा लेंगे।
द्विपक्षीय बैठकें और ECINET का लॉन्च
ECI सम्मेलन के दौरान EMBs के साथ 40 से ज़्यादा द्विपक्षीय बैठकें करेगा ताकि दुनिया भर के चुनाव आयोगों को चुनौतियों और अनुभव साझा करने का अवसर मिल सके। इसके साथ ही आयोग ECINET, एक वन-स्टॉप डिजिटल प्लेटफ़ॉर्म, को औपचारिक रूप से लॉन्च करेगा।
प्रदर्शनी और डॉक्यूमेंट्री का आयोजन
सम्मेलन के दौरान भारत में चुनाव कराने की प्रक्रिया और इसीआई द्वारा हाल ही में किए गए नवाचारों को प्रदर्शनी के माध्यम से दिखाया जाएगा। इसके अलावा, दुनिया के सबसे बड़े चुनाव लोकसभा 2024 की तैयारी को दिखाती डॉक्यूमेंट्री सीरीज़ “India Decides” भी पहले दिन प्रदर्शित की जाएगी। IICDEM-2026 भारत का सबसे बड़ा वैश्विक चुनाव और लोकतंत्र सम्मेलन साबित होने जा रहा है, जिसमें अंतर्राष्ट्रीय प्रतिनिधियों, ईएमबी अधिकारियों, और शैक्षणिक विशेषज्ञों की भागीदारी होगी।
