
झारखंड को अग्रणी राज्य बनाने की पहल: दावोस रवाना हुए सीएम हेमंत, सोशल मीडिया पर दी सूचना
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ वर्ल्ड इकॉनोमिक फोरम में हिस्सा लेने के लिए दावोस गए हुए हैं. उनके साथ उनकी पत्नी व विधायक कल्पना सोरेन भी मौजूद हैं. डब्ल्यूईएफ के वैश्विक मंच से कल्पना राज्य की आधी आबादी का राज्य की विकास में भागीदारी व महिलाओं के आर्थिक, राजनितिक क्षेत्र में उनके योगदान पर अपनी बात रखेंगी.
युवा झारखंड को अग्रणी राज्य बनाने का लक्ष्य
इस बीच मंगलवार को डब्ल्यूईएफ के दूसरे दिन सीएम हेमंत ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स में लिखा कि कि युवा झारखंड को अग्रणी राज्य बनाने के सपने को लेकर दावोस आया हूं. हमारे पुरखों और बाबा दिशोम गुरुजी के सपनों को पूरा करने के उद्देश्य से यहां वैश्विक मंच में अपने राज्य के तरफ से आया हूं. मुख्यमंत्री ने लिखा कि कल पहले दिन वर्ल्ड इकॉनॉमिक फोरम से विभिन्न कंपनियों के प्रतिनिधियों के साथ सकारात्मक बैठकें हुई हैं.
सीएम हेमंत को व्हाइट बैच से सम्मानित किया l
इसी कड़ी में सीएम एक बार फिर दावोस में विश्व आर्थिक मंच में भाग लेने जा रहे हैं, जिसे शेयर करते हुए उन्होंने लिखा कि आशा है कि आज के दिन भी झारखंड में निवेश की संभावनाओं पर ग्लोबल लीडर्स के साथ विस्त़ृत चर्चा होगी. इसके अलावा दावोस में सीएम हेमंत सोरेन को WHITE BADGE देकर सम्मानित किए जाने को लेकर उन्होंने लिखा कि, यह सम्मान वास्तव में राज्यवासियों का सम्मान है, मेरे झारखंड का सम्मान है.
कई कंपनियों से निवेश पर सकारात्मक वार्ता
बता दें कि वर्ल्ड इकॉनॉमिक फोरम के पहले दिन यानि कि 19 जनवरी, सोमवार को झारखंड सरकार व टाटा स्टील के बीच 11 हजार करोड़ के न्यू एज ग्रीन स्टील टेक्नोलॉजी में निवेश करने को लेकर डील साइन हुआ है. साथ ही, स्वीडन ने भी अर्बन ट्रांसपोर्ट में निवेश करने में दिलजस्पी दिखाई है.
