“मर्दानी 3 के साथ रानी की 30 वर्षों की प्रतिष्ठित विरासत का जश्न मनाने के लिए पूरे फिल्म उद्योग का एकजुट होना वाकई अद्भुत है!”: रणबीर कपूर

मुंबई, जनवरी 2026: रणबीर कपूर को यह देखकर बेहद खुशी हो रही है कि भारतीय फिल्म उद्योग पूरी तरह एकजुट होकर उनकी पसंदीदा अभिनेत्री रानी मुखर्जी के सिनेमा में 30 वर्षों के शानदार सफर का जश्न मर्दानी 3 के साथ मना रहा है।
रानी, रणबीर कपूर की डेब्यू फिल्म सांवरिया में उनकी को-स्टार थीं और उनके करियर के शुरुआती दिनों में, जब उन्हें सबसे ज्यादा सहारे की जरूरत थी, रानी उनके साथ खड़ी थीं। यही वजह है कि रणबीर हर फिल्म, हर परफॉर्मेंस में रानी की जीत के लिए दिल से दुआ करते हैं।
रणबीर कहते हैं, “रानी मेरी पहली फिल्म सांवरिया की को-स्टार थीं और वे ही पहली शख्स थीं, जिन्होंने मुझसे कहा था कि यदि मैं मेहनत करूँगा, तो बहुत आगे जाऊँगा। उस बातचीत को मैं कभी नहीं भूल सकता, क्योंकि उस वक्त, जब मुझे इसकी सबसे ज्यादा जरुरत थी, उन्होंने मुझे जबरदस्त आत्मविश्वास दिया। मैंने उन्हें एक इंसान के तौर पर बहुत करीब से देखा है, उनके काम को बहुत नज़दीक से देखा है और उनकी गरिमा, आकर्षण और प्रतिभा से हमेशा अभिभूत रहा हूँ।”
वे आगे कहते हैं, “उनकी 30 साल की आइकॉनिक विरासत का जश्न मनाने के लिए पूरे उद्योग का आगे आना वाकई अद्भुत है। मैंने हमेशा महसूस किया है कि रानी सदियों तक याद की जाने वाली कलाकार हैं। वे भारत की अब तक की सबसे महान अभिनेत्रियों में से एक हैं। उन्होंने अपने काम के ज़रिए हमारी इंडस्ट्री को परिभाषित किया है। उनके प्रोजेक्ट्स और किरदारों के चुनाव ने आज स्क्रीन पर महिलाओं को दिखाने का नजरिया ही बदल दिया है।”
रणबीर यह भी बताते हैं कि रानी अपने सिनेमा के ज़रिए सिर्फ खुशी फैलाना चाहती हैं। वे कहते हैं, “धन्यवाद् रानी, फिल्मों के लिए, यादों के लिए, उस नॉस्टैल्जिया के लिए और उन दमदार परफॉर्मेंस के लिए। वे एक ऐसी एंटरटेनर हैं, जिन्होंने अपनी पूरी ज़िंदगी लोगों को खुश करने के लिए समर्पित कर दी है। मेरे लिए यह शब्दों में बताना मुश्किल है कि उनकी फिल्मों का मुझ पर कितना गहरा असर रहा है।”
रानी मुखर्जी की मर्दानी 3 ने इंटरनेट पर तहलका मचा दिया है और यह फिल्म इस समय सबसे ज्यादा चर्चा में बनी हुई है। महिलाओं के खिलाफ अपराधों पर केंद्रित मर्दानी फ्रेंचाइज़ी, अपने हर हिस्से में एक सख्त और जरूरी सामाजिक मुद्दा उठाती रही है। इस बार मर्दानी 3 देशभर में कम आय वर्ग से आने वाली 8-9 साल की मासूम बच्चियों के अपहरण के गंभीर मुद्दे को उजागर करेगी, जिसके पीछे एक बेहद डरावनी सच्चाई छिपी है।
अभिराज मिनावाला द्वारा निर्देशित और आदित्य चोपड़ा द्वारा निर्मित मर्दानी 3, सामाजिक रूप से प्रासंगिक सिनेमा की इस फ्रेंचाइज़ी की परंपरा को आगे बढ़ाती है। जहाँ मर्दानी ने मानव तस्करी की भयावह सच्चाइयों को सामने रखा और मर्दानी 2 ने व्यवस्था को चुनौती देने वाले एक सीरियल रेपिस्ट की विकृत मानसिकता को उजागर किया, वहीं मर्दानी 3 समाज की एक और अंधेरी और क्रूर सच्चाई में उतरती है, जिससे इस फ्रेंचाइज़ी की प्रभावशाली, मुद्दा-आधारित कहानी कहने की विरासत और मजबूत होती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *