झाड़ियों में मिला अज्ञात महिला का श’व, डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम के साथ जांच शुरू

Bokaro : बोकारो जिले में शुक्रवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई, जब सेक्टर छह थाना क्षेत्र के बीएस सिटी कॉलेज के पास झाड़ियों में एक अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। शव मिलने की सूचना से इलाके में दहशत का माहौल है और लोग तरह तरह की आशंकाएं जता रहे हैं। जानकारी के अनुसार, सुबह मॉर्निंग वॉक पर निकले स्थानीय लोगों की नजर झाड़ियों में पड़े शव पर पड़ी। इसके बाद तुरंत सेक्टर छह थाना पुलिस को सूचना दी गई। सूचना मिलते ही सेक्टर छह थाना प्रभारी संगीता कुमारी और बीएस सिटी थाना प्रभारी सुदामा दास पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल की घेराबंदी कर जांच शुरू की।पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, महिला के चेहरे को बुरी तरह क्षतिग्रस्त किया गया है, जिससे पहचान करना संभव नहीं हो पा रहा है। आशंका जताई जा रही है कि महिला की पहचान छिपाने के उद्देश्य से ऐसा किया गया हो सकता है। घटनास्थल से महिला के कपड़े बरामद किए गए हैं, जिन्हें जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।

मामले की गंभीरता को देखते हुए डॉग स्क्वायड और फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया। फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल से आवश्यक साक्ष्य जुटाए, जबकि डॉग स्क्वायड की मदद से आसपास के इलाकों में छानबीन की गई। हालांकि प्रारंभिक जांच में महिला की मौत के समय और कारणों का पता नहीं चल सका है।फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जांच कर रही है और क्षेत्र में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। मामले की हर बिंदु पर जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *