झारखंड में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल: 16 आईएएस अधिकारियों का तबादला, कई अहम विभागों में बदलाव

झारखंड सरकार ने बुधवार को प्रशासनिक महकमे में बड़ा फेरबदल करते हुए 16 आईएएस अधिकारियों का तबादला कर दिया। कार्मिक, प्रशासनिक सुधार एवं राजभाषा विभाग की ओर से जारी अधिसूचना के तहत सचिव स्तर से लेकर प्रमंडलीय आयुक्त तक कई महत्वपूर्ण पदों पर बदलाव किए गए हैं। सभी अधिकारियों को जल्द से जल्द नए पदस्थापन स्थल पर योगदान देने का निर्देश दिया गया है।
सबसे अहम बदलाव के तहत पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के अपर मुख्य सचिव मस्तराम मीणा को अगले आदेश तक राजस्व परिषद का सदस्य बनाया गया है। वहीं करीब चार महीने से खाली पड़े ऊर्जा विभाग को नया सचिव मिल गया है। ग्रामीण विकास विभाग के सचिव के. श्रीनिवासन को ऊर्जा सचिव नियुक्त किया गया है। इसके साथ ही उन्हें झारखंड ऊर्जा विकास निगम का सीएमडी और जेबीवीएनएल का एमडी का अतिरिक्त प्रभार भी सौंपा गया है। उल्लेखनीय है कि अविनाश कुमार के मुख्य सचिव बनने के बाद एक अक्टूबर से ऊर्जा सचिव का पद खाली था।
पर्यटन, कला संस्कृति एवं खेलकूद विभाग के सचिव मनोज कुमार को ग्रामीण विकास विभाग का नया सचिव बनाया गया है। उनके पास पहले से पंचायती राज विभाग का अतिरिक्त प्रभार था, जो यथावत रहेगा। बताया जा रहा है कि ग्रामीण विकास मंत्री दीपिका पांडेय सिंह लंबे समय से विभागीय सचिव में बदलाव चाहती थीं।
योजना एवं विकास विभाग के सचिव मुकेश कुमार को अपने मूल कार्यों के साथ पर्यटन, कला संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है।
अन्य प्रमुख तबादलों में:
राजेश कुमार शर्मा को आपदा प्रबंधन से खाद्य, सार्वजनिक वितरण एवं उपभोक्ता मामले विभाग का सचिव बनाया गया है।
विप्रा भाल को परिवहन विभाग से हटाकर आपदा प्रबंधन विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग के सचिव मनोज कुमार को दक्षिणी छोटानागपुर प्रमंडल का आयुक्त बनाया गया है, साथ ही उत्तरी छोटानागपुर प्रमंडल का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है।
उमाशंकर सिंह को स्कूली शिक्षा विभाग से महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग का सचिव बनाया गया है।
राजीव रंजन को राजस्व परिषद से परिवहन विभाग का सचिव बनाया गया है।
अबु इमरान को वित्त विभाग (व्यय) से पेयजल एवं स्वच्छता विभाग का सचिव नियुक्त किया गया है।
संजय कुमार को झारखंड राज्य खाद आयोग से संथाल परगना प्रमंडल, दुमका का आयुक्त बनाया गया है।
संदीप कुमार सिंह को वित्त विभाग से श्रमायुक्त नियुक्त किया गया है।
घोलप रमेश गोरख को नागरिक सुरक्षा आयुक्त बनाया गया है।
कुमुद सहाय को पलामू प्रमंडल का आयुक्त नियुक्त किया गया है।
रवि रंजन विक्रम को कोल्हान प्रमंडल, चाईबासा का आयुक्त बनाया गया है।
शशि रंजन को अपर सचिव, पेयजल एवं स्वच्छता विभाग की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इस व्यापक प्रशासनिक फेरबदल को राज्य सरकार की कार्यप्रणाली को और अधिक प्रभावी और गतिशील बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *