
निकाय चुनाव पर संजय सेठ का हमला: ‘बूथ बदलाव से मतदान प्रभावित करने की साजिश, भाजपा की प्रचंड जीत तय’
रांची। नगर निकाय चुनाव को लेकर रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ ने अपने केंद्रीय कार्यालय में आयोजित पत्रकार वार्ता में राज्य सरकार और प्रशासन पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि लाखों परिवारों के मतदान केंद्रों को जानबूझकर अलग-अलग वार्डों में स्थानांतरित किया गया है, जिससे मतदान प्रतिशत प्रभावित हो सकता है।
संजय सेठ ने कहा कि पहले एक ही परिवार के सदस्य एक ही बूथ पर मतदान करते थे, लेकिन इस बार परिवार के सदस्यों के बूथ अलग-अलग कर दिए गए हैं। उन्होंने इसे चुनाव प्रक्रिया को बाधित करने की कोशिश बताया।
उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राज्य सरकार चुनाव कराने के पक्ष में नहीं थी और न्यायालय के हस्तक्षेप के बाद ही निकाय चुनाव संभव हो सका। सेठ ने कहा कि इसके बावजूद प्रशासनिक स्तर पर बाधाएं उत्पन्न की जा रही हैं।
हजारीबाग में कुछ बूथों पर विशेष परिधान में पुलिस तैनाती के मुद्दे को उठाते हुए उन्होंने सरकार से स्पष्टीकरण की मांग की और इसे संवैधानिक व्यवस्था के अनुरूप चुनाव कराने का प्रश्न बताया।
सेठ ने दावा किया कि तमाम कथित बाधाओं के बावजूद जनता लोकतांत्रिक तरीके से जवाब देगी और राज्य के सभी नगर निकाय क्षेत्रों में भाजपा समर्थित प्रत्याशियों की जीत सुनिश्चित होगी। उन्होंने मतदाताओं से अपील की कि वे अपने-अपने मतदान केंद्रों पर जाकर मतदान अवश्य करें।
पत्रकार वार्ता में उन्होंने रांची की मेयर प्रत्याशी रोशनी खलखो के समर्थन में भी अपील करते हुए कहा कि नगर के विकास के लिए सक्षम नेतृत्व आवश्यक है।

