
Palamu : पलामू में होली से ठीक पहले उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। जिले के पाटन थाना क्षेत्र के बसदह गांव से करीब 42 लाख रुपये की अवैध अंग्रेजी शराब बरामद की गई है। इस मामले में एक तस्कर को मौके से गिरफ्तार किया गया है, जबकि चार लोग फरार हो गए हैं। उनकी तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है।
पक्के मकान में छिपाकर रखी थी 4233 लीटर शराब
उत्पाद विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि बसदह गांव के एक पक्के मकान में भारी मात्रा में अवैध विदेशी शराब छिपाकर रखी गई है। गुरुवार सुबह करीब 8 बजे पाटन थाना पुलिस के सहयोग से टीम ने छापेमारी की। तलाशी के दौरान 4233.36 लीटर विभिन्न ब्रांड की अंग्रेजी शराब बरामद हुई। इतनी बड़ी मात्रा देखकर टीम भी चौंक गई। बताया जा रहा है कि निकाय चुनाव के नतीजों और होली को देखते हुए शराब की खपत बढ़ने की आशंका थी, इसी वजह से स्टॉक जमा किया गया था।
एक गिरफ्तार, चार फरार
मौके से रामाशीष भुइयां को गिरफ्तार किया गया। उसकी पहचान बसदह कॉलोनी, पाटन निवासी के रूप में हुई है। उसके पिता का नाम स्वर्गीय बौद्ध भुइयां बताया गया है। फरार आरोपियों में इसी गांव का संतन भुइयां, पाल्हे के पंडुल सिंह और दादा सिंह, संडा के उमा सिंह समेत अन्य शामिल हैं। छापेमारी की भनक लगते ही ये लोग फरार हो गए। पुलिस इनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।
होली को लेकर चल रही थी विशेष जांच
उत्पाद अधीक्षक सुजीत कुमार ने बताया कि होली पर्व को देखते हुए उपायुक्त के निर्देश पर अवैध शराब की बिक्री के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। कार्रवाई के दौरान उत्पाद विभाग के अवर निरीक्षक अनूप प्रकाश, अमित कुमार सिंह, पाटन थाना प्रभारी और दोनों विभागों के जवान मौजूद थे।
उत्पाद अधिनियम के तहत मामला दर्ज
इस मामले में उत्पाद अधिनियम की धारा 47 (ए) और 55 के तहत मकान मालिक समेत रामाशीष, पंडुल और दादा के खिलाफ केस दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी रामाशीष भुइयां को जेल भेज दिया गया है। बरामद शराब की अनुमानित कीमत करीब 42 लाख रुपये बताई जा रही है। पुलिस का कहना है कि आगे भी इस तरह की कार्रवाई जारी रहेगी, ताकि त्योहार के दौरान अवैध कारोबार पर रोक लगाई जा सके।
