
Ranchi : रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र स्थित धुर्वा डैम में गुरुवार को एक युवती ने पानी में छलांग लगाकर अपनी जान दे दी। मृतका की पहचान निमिषा झा के रूप में हुई है। वह पुंदाग ओपी क्षेत्र के सेल सिटी इलाके की रहने वाली थी और रांची के बीआईटी लालपुर की छात्रा बताई जा रही है।
मौके पर अफरा-तफरी, स्थानीय लोगों ने दी सूचना
घटना के बाद आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवती को डैम के पास अकेले देखा गया था। कुछ ही देर में उसने अचानक पानी में छलांग लगा दी। लोगों ने तुरंत शोर मचाया और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही नगड़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय गोताखोरों की मदद से खोज अभियान शुरू किया। गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद युवती का शव डैम से बाहर निकाला। इसके बाद पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया।
परिजनों में मचा कोहराम
घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को मिली, घर में कोहराम मच गया। परिजन तुरंत मौके पर पहुंचे और रो-रोकर उनका बुरा हाल था। फिलहाल आत्महत्या के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए रिम्स भेज दिया गया है।
