
चाईबासा, 27 मार्च:
गुईरा, चाईबासा स्थित टीआरटीसी (Tribal Research & Training Centre) में संगठन सृजन अभियान के अंतर्गत आयोजित 10 दिवसीय प्रशिक्षण शिविर में झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री श्रीमती दीपिका पाण्डेय सिंह ने झारखंड एवं ओडिशा के नव नियुक्त जिला कांग्रेस कमेटी अध्यक्षों के साथ संवाद किया।
अपने संबोधन में मंत्री श्रीमती सिंह ने झारखंड में पेसा नियमावली के लागू होने को एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि यह लंबे समय से आदिवासी समुदाय की प्रमुख मांग रही है, जिसे कांग्रेस ने अपने घोषणा पत्र में शामिल कर पूरा किया है। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि भारत जोड़ो यात्रा के दौरान इस मुद्दे को प्रमुखता से उठाया गया था।
उन्होंने कहा कि पेसा नियमावली के लागू होने के बाद अब इसे प्रभावी रूप से जमीनी स्तर पर लागू करना सबसे बड़ी जिम्मेदारी है, ताकि आम जनता को इसका वास्तविक लाभ मिल सके। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि झारखंड का यह मॉडल पूरे देश के लिए उदाहरण बनेगा।
मंत्री श्रीमती सिंह ने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि पेसा को लेकर उनके बदलते रुख का जवाब संगठनात्मक स्तर पर दिया जाएगा। साथ ही उन्होंने केंद्र सरकार द्वारा मनरेगा कानून को कमजोर करने के प्रयासों की आलोचना करते हुए कहा कि कांग्रेस इस कानून की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
इस अवसर पर झारखंड कांग्रेस प्रभारी श्री के. राजू ने मंत्री श्रीमती सिंह के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि पेसा नियमावली के प्रारूप से लेकर मुख्यमंत्री श्री हेमंत सोरेन एवं कैबिनेट से इसकी मंजूरी दिलाने में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि झारखंड की 2066 पंचायतों में पेसा लागू होने से संगठन को मजबूती मिलेगी।
कार्यक्रम में आदिवासी सामाजिक कार्यकर्ता दयामणि बारला ने भी पेसा कानून को आदिवासी हितों की रक्षा के लिए महत्वपूर्ण बताया।
इस अवसर पर झारखंड कांग्रेस प्रभारी श्री के. राजू, सह प्रभारी डॉ. श्रीवेला प्रसाद, सह अध्यक्ष भूपेंद्र मरावी, प्रदेश अध्यक्ष श्री केशव महतो कमलेश, रामगढ़ विधायक ममता देवी एवं सिमडेगा विधायक भूषण बाड़ा सहित कई कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ज्ञात हो कि संगठन सृजन अभियान के तहत देशभर में चयनित जिला अध्यक्षों के लिए प्रशिक्षण शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में झारखंड एवं ओडिशा के नवचयनित जिला अध्यक्षों का यह शिविर 22 मार्च से 31 मार्च तक चाईबासा स्थित टीआरटीसी में आयोजित किया जा रहा है।


