
रांची/नामकुम, 10 अप्रैल 2026:
अखिल भारतीय अनुसूचित जाति महासभा की केंद्रीय कमेटी द्वारा आज नामकुम स्थित केंद्रीय कार्यालय में एक महत्वपूर्ण प्रेस वार्ता का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता का मुख्य उद्देश्य आगामी 14 अप्रैल को डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती को धूमधाम और हर्षोल्लास के साथ मनाने की तैयारियों की जानकारी देना था।
प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए केंद्रीय अध्यक्ष आरपी रंजन ने कहा कि बाबा साहेब का जीवन संघर्ष, उनके विचार और संविधान द्वारा दिए गए अधिकार हर नागरिक तक पहुंचने चाहिए। उन्होंने केंद्र एवं राज्य सरकार से अपील की कि इन अधिकारों को पूरी तरह लागू किया जाए।
इस अवसर पर पद्मश्री मुकुंद नायक ने बाबा साहेब के जीवन पर आधारित एक प्रेरणादायक गीत प्रस्तुत कर लोगों को जागरूक होने का संदेश दिया।
प्रदेश अध्यक्ष द्वारिका दास ने अपने संबोधन में कहा कि जब तक आम नागरिक संविधान और लोकतंत्र को सही मायने में नहीं समझेंगे, तब तक देश का विकास अधूरा रहेगा। उन्होंने यह भी कहा कि जो जिम्मेदारी सरकार की है, उसे आज महासभा निभा रही है, जिस पर सरकार को ध्यान देना चाहिए।
वहीं आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष संजय महली ने कहा कि बाबा साहेब केवल भारत ही नहीं, बल्कि पूरे विश्व के लिए प्रेरणा स्रोत हैं। उन्होंने बताया कि इस वर्ष आदिवासी समाज भी मिल-जुलकर बाबा साहेब की जयंती को भव्य रूप में मनाएगा।
इस प्रेस वार्ता में मुख्य रूप से पूर्व वैज्ञानिक डॉ. सोहन राम, पूर्व डीएसपी रामलाल बौद्ध, दीपक राम, रामदयाल उरांव, लालन कुमार और जीवन कुमार सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
