
जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली में काव्य प्रतिभा का शानदार प्रदर्शन
रांची। जवाहर विद्या मंदिर, श्यामली के ‘दयानंद प्रेक्षा गृह’ में शुक्रवार को आयोजित अंतर्सदनीय अंग्रेजी काव्य पाठ प्रतियोगिता में विद्यार्थियों की साहित्यिक प्रतिभा और अभिव्यक्ति कौशल का उत्कृष्ट प्रदर्शन देखने को मिला। विद्यालय के अंग्रेजी विभाग द्वारा आयोजित इस प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने अंग्रेजी साहित्य की कालजयी रचनाओं का प्रभावशाली पाठ कर दर्शकों और निर्णायकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
कार्यक्रम में कविता के शैक्षिक एवं संवेदनात्मक महत्व पर प्रकाश डालते हुए वक्ताओं ने कहा कि कविता विद्यार्थियों में भाषा कौशल, आत्मविश्वास और कल्पनाशीलता का विकास करती है। प्रतियोगिता के दौरान प्रतिभागियों ने अपनी भाव-भंगिमाओं और प्रभावशाली प्रस्तुति से वातावरण को जीवंत बना दिया।
सब-जूनियर समूह (कक्षा 6 से 8) में टैगोर सदन की अन्वी वैभव ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। तिलक सदन के अमिताभ कृष्णा और राजेन्द्र सदन की अनाबिया एहतेशाम संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि तिलक सदन की अभरना देबनाथ और राजेन्द्र सदन की शानवी बड़ाईक ने संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
जूनियर समूह (कक्षा 9-10) में तिलक सदन की अपराजिता बनर्जी प्रथम स्थान पर रहीं। दयानंद सदन के अर्पित कुमार और अहान सिन्हा संयुक्त रूप से द्वितीय स्थान पर रहे, जबकि तिलक सदन की ऋद्धिमा खन्ना ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
प्रतियोगिता में शेक्सपियर के ‘जूलियस सीज़र’ और ‘मर्चेंट ऑफ वेनिस’ के संवादों के साथ-साथ ‘Olympic Granny’, ‘Psalm of Life’, ‘Sailing to Byzantium’ और ‘Casabianca’ जैसी प्रसिद्ध कविताओं की प्रभावशाली प्रस्तुति ने दर्शकों की खूब सराहना बटोरी।
कार्यक्रम के निर्णायक मंडल में अंग्रेजी विभाग की शिक्षिकाएं मिताली शर्मा, लिली रॉय, मीनाक्षी झा, स्मिता निधि और ग़ज़ल मिश्रा शामिल थीं।
विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य बी. एन. झा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि कविता जीवन को सौंदर्यपूर्ण दृष्टि से देखने की प्रेरणा देती है। वहीं उप-प्राचार्या अनुपमा श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
