
डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU) में सक्रिय विभिन्न छात्र संगठनों की एक सर्वदलीय बैठक 29 मई 2026 को आयोजित की गई। बैठक में विश्वविद्यालय से जुड़े छात्रहित एवं प्रशासनिक मुद्दों पर विस्तृत चर्चा की गई।
बैठक में आदिवासी छात्र संघ अध्यक्ष विवेक तिर्की एवं अजय रूंडा, आजसू छात्र संघ परदेश कार्यकारी अध्यक्ष बबलू कुमार महतो,अध्यक्ष शिवम् सिंह, रवि एवं ज्योतिष, NSUI छात्र संघ के अक्षय महतो एवं सतीश केसरी, तथा JCM छात्र संघ के प्रेम प्रतीक बमबारी सहित विभिन्न छात्र संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।
बैठक के उपरांत सभी छात्र संगठनों ने संयुक्त रूप से माननीय कुलपति महोदय, कुलसचिव महोदय एवं DSW को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में छात्रों एवं विश्वविद्यालय हित से जुड़े निम्नलिखित प्रमुख मांगों को रखा गया:
प्रमुख मांगें
1. विश्वविद्यालय में कार्यरत प्राइवेट एजेंसी “RRS” की जांच
विश्वविद्यालय में कार्यरत प्राइवेट एजेंसी “RRS” की निष्पक्ष एवं पूर्ण जांच कराई जाए। एजेंसी द्वारा नियुक्त सुरक्षा गार्ड एवं नॉन-टीचिंग स्टाफ को दिए जा रहे वेतन/मानदेय की जानकारी सार्वजनिक की जाए। साथ ही विश्वविद्यालय एवं एजेंसी के बीच हुए MOU/एग्रीमेंट की अवधि एवं शर्तों को भी सार्वजनिक किया जाए।
2. छात्र संघ भवन उपलब्ध कराया जाए
विश्वविद्यालय परिसर में छात्र संघ भवन को पूर्ण रूप से व्यवस्थित कर छात्र संगठनों को सौंपा जाए। जब तक भवन उपलब्ध नहीं कराया जाता, तब तक छात्र संगठनों की बैठक एवं छात्रहित कार्यों हेतु विश्वविद्यालय का कोई सभागार/हॉल उपलब्ध कराया जाए।
3. UG एवं PG छात्रों को आई-कार्ड उपलब्ध कराया जाए
सत्र 2025-29 (UG) एवं 2025-27 (PG) के छात्र-छात्राओं को अब तक पहचान पत्र (ID Card) उपलब्ध नहीं कराया गया है। इसे अविलंब जारी किया जाए।
4. मुख्य द्वार निर्माण कार्य में तेजी लाई जाए
विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार निर्माण कार्य को शीघ्र पूर्ण कराया जाए, जिससे विश्वविद्यालय की गरिमा एवं सुंदरता बनी रहे।
5. छात्र संघ चुनाव अविलंब कराया जाए
राज्य सरकार द्वारा विश्वविद्यालय विधेयक 2026 लागू किए जाने के बावजूद विश्वविद्यालय में लगभग 7 वर्षों से छात्र संघ चुनाव लंबित है। छात्र संघ चुनाव नहीं होने से छात्र लोकतांत्रिक प्रतिनिधित्व से वंचित हो रहे हैं। अतः छात्रहित एवं लोकतांत्रिक परंपरा को ध्यान में रखते हुए छात्र संघ चुनाव जल्द से जल्द कराया जाए।
6. TRL विभाग हेतु अलग भवन निर्माण कराया जाए
विश्वविद्यालय में जनजातीय एवं क्षेत्रीय भाषा (TRL) की नौ भाषाओं की पढ़ाई संचालित होती है। जिस प्रकार रांची विश्वविद्यालय में TRL विभाग हेतु अलग एवं व्यवस्थित भवन उपलब्ध है, उसी प्रकार DSPMU में भी TRL विभाग के लिए पृथक भवन निर्माण कराया जाए, ताकि झारखंडी भाषा, संस्कृति एवं सभ्यता को उचित पहचान एवं संरक्षण मिल सके।
बैठक के दौरान कुलपति प्रो. (डॉ.) राजीव मनोहर ने सभी मांगों को गंभीरता से सुना एवं आश्वस्त किया कि उपर्युक्त सभी मांगों पर गंभीरतापूर्वक विचार कर शीघ्र सकारात्मक कार्रवाई की जाएगी।
साथ ही सभी छात्र संगठनों ने सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया कि यदि उपर्युक्त मांगों पर त्वरित एवं सकारात्मक कार्रवाई नहीं की जाती है, तो गर्मी की छुट्टी के बाद प्रथम सप्ताह से चरणबद्ध आंदोलन किया जाएगा।
