15 साल के वैभव का जलवा: झारखंड में होगा भव्य सम्मान, स्वास्थ्य विभाग के ब्रांड एंबेसडर बनेंगे युवा क्रिकेट सनसनी

रांची: भारतीय क्रिकेट के उभरते सितारे वैभव सूर्यवंशी को झारखंड सरकार सम्मानित करेगी। झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री Dr. Irfan Ansari ने घोषणा की है कि युवा क्रिकेट सनसनी Vaibhav Suryavanshi को जल्द ही राज्य में विशेष सम्मान दिया जाएगा। साथ ही उन्हें झारखंड स्वास्थ्य विभाग का ब्रांड एंबेसडर भी बनाया जाएगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने वैभव की प्रशंसा करते हुए कहा कि भले ही उनकी टीम मैच जीतने में सफल नहीं रही, लेकिन उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाज़ी, आत्मविश्वास और निडर खेल से करोड़ों भारतीयों का दिल जीत लिया है।
डॉ. अंसारी ने कहा, “मैं स्वयं क्रिकेट का खिलाड़ी रहा हूँ। इतनी कम उम्र में अंतरराष्ट्रीय स्तर के गेंदबाज़ों का जिस साहस और आक्रामकता से सामना करते हुए लगातार रन बनाना असाधारण प्रतिभा का प्रमाण है। वैभव ने न केवल अपने माता-पिता बल्कि बिहार और पूरे देश का नाम रोशन किया है।”
उन्होंने कहा कि मात्र 15 वर्ष की आयु में वैभव सूर्यवंशी ने जिस प्रतिभा, अनुशासन और संघर्ष का परिचय दिया है, वह भारतीय क्रिकेट के इतिहास में एक नई प्रेरणादायक कहानी बन रहा है। उनकी उपलब्धियाँ देशभर के युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत हैं।
स्वास्थ्य मंत्री के अनुसार, स्वास्थ्य विभाग वैभव के साथ मिलकर युवाओं के बीच स्वास्थ्य जागरूकता, फिटनेस, अनुशासन और सकारात्मक जीवनशैली को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न अभियान चलाएगा।
डॉ. अंसारी ने विश्वास जताया कि वैभव आने वाले वर्षों में भारतीय क्रिकेट को नई ऊँचाइयों तक पहुँचाएंगे और विश्व मंच पर देश का गौरव बढ़ाएंगे।
“वैभव केवल एक खिलाड़ी नहीं, बल्कि नई पीढ़ी के सपनों, संघर्ष और सफलता का प्रतीक हैं।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *