अगली पीढ़ी को हरा-भरा झारखंड देने का संकल्प: मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शुरू किया ‘One Student One Tree’ महाअभियान

रांची, 15 जुलाई।
झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने मंगलवार को रांची स्थित अपने आवासीय कार्यालय में PASWA (Public Schools and Children Welfare Association) के “One Student One Tree” अभियान के तहत पौधारोपण कर देशभर में 50 लाख वृक्षारोपण के लक्ष्य वाले महाअभियान का शुभारंभ किया। इस अवसर पर युवाओं को नशे की लत से दूर रखने के उद्देश्य से ड्रग्स विरोधी जन-जागरूकता अभियान के पोस्टर का भी लोकार्पण किया गया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि कोरोना काल ने सभी को पर्यावरण संरक्षण के महत्व का एहसास कराया। उन्होंने बताया कि महागामा विधानसभा क्षेत्र में अब तक डेढ़ लाख से अधिक पौधे लगाए जा चुके हैं, जबकि झारखंड की स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाओं ने 2 करोड़ 75 लाख से अधिक वृक्ष लगाकर पर्यावरण संरक्षण में उल्लेखनीय योगदान दिया है।

उन्होंने कहा कि पेड़ को बढ़ते हुए देखना अपने बच्चों को बढ़ते हुए देखने जैसा सुखद अनुभव है। अब आवश्यकता है कि वृक्षारोपण का अभियान गांव-गांव तक पहुंचे और प्रत्येक नागरिक पर्यावरण संरक्षण की जिम्मेदारी निभाए। उन्होंने कहा कि आने वाली पीढ़ियों के लिए हरित और संतुलित पर्यावरण सुनिश्चित करना हम सभी का साझा दायित्व है तथा हमारा प्रयास होना चाहिए कि अगली पीढ़ी को हरा-भरा झारखंड उपहार में मिले।

मंत्री ने PASWA के “One Student One Tree” अभियान की सराहना करते हुए इसे विद्यार्थियों के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल बताया। उन्होंने प्रत्येक छात्र से एक पौधा लगाने और प्रत्येक परिवार से उसके संरक्षण का संकल्प लेने की अपील की।

कार्यक्रम में डीएवी नंदराज के प्राचार्य आर.पी. तिवारी, डीएवी बरियातू के प्राचार्य एस.के. मिश्रा, गुरुनानक पब्लिक स्कूल की प्राचार्या गुरमीत कौर, PASWA के राष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार दूबे, लाल किशोर नाथ सहदेव, शांतनु मिश्रा सहित संस्था के पदाधिकारी, स्वयंसेवक एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *