30 अगस्त 2026 को होगी “आदिवासी एकता महाजुटान रैली”, विश्व आदिवासी दिवस का मुख्य विषय रहेगा परिसीमन

लोकसभा एवं विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों के प्रस्तावित परिसीमन (Delimitation) तथा 30 अगस्त 2026 को मोराबादी मैदान, राँची में आयोजित होने वाली “आदिवासी एकता महाजुटान रैली” की तैयारियों एवं आगामी रणनीति को लेकर आज बंधु तिर्की आवास, मोराबादी, राँची में झारखण्ड के विभिन्न जिलों से आए आदिवासी समाज के प्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों एवं जनसंगठनों की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई।

बैठक में निर्णय लिया गया कि इस वर्ष विश्व आदिवासी दिवस (9 अगस्त) का मुख्य विषय (Theme) “परिसीमन एवं आदिवासी राजनीतिक प्रतिनिधित्व की रक्षा” रहेगा। पूरे राज्य में इस विषय पर व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा, ताकि आदिवासी समाज परिसीमन के संभावित प्रभावों से अवगत होकर अपने संवैधानिक एवं राजनीतिक अधिकारों की रक्षा के लिए संगठित हो सके।

बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि 30 अगस्त 2026 को आयोजित होने वाली “आदिवासी एकता महाजुटान रैली” में झारखण्ड के सभी 24 जिलों से हजारों की संख्या में आदिवासी समाज, पारंपरिक ग्राम प्रधान, सामाजिक संगठन, छात्र-युवा, महिला संगठन, बुद्धिजीवी एवं जनप्रतिनिधि शामिल होंगे। यह रैली आदिवासी समाज के राजनीतिक प्रतिनिधित्व एवं संवैधानिक अधिकारों की रक्षा के लिए ऐतिहासिक जनसमागम होगी।

रैली की तैयारियों को लेकर 6 अगस्त 2026 से 18 अगस्त 2026 तक पूरे झारखण्ड के 24 जिलों का राज्यव्यापी जनसंपर्क एवं जागरूकता दौरा आयोजित किया जाएगा। इस अभियान की शुरुआत 6 अगस्त को गढ़वा एवं पलामू जिलों से होगी जिसमें पूर्व मंत्री बंधु तिर्की शामिल होंगे। इसके पश्चात निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार सभी जिलों में बैठकें, जनसंवाद, संगठन विस्तार तथा रैली के लिए जनसंपर्क अभियान चलाया जाएगा। यह राज्यव्यापी दौरा 18 अगस्त तक पूर्ण किया जाएगा।

बैठक में परिसीमन के मुद्दे पर विस्तृत चर्चा करते हुए रैली की रूपरेखा, जिला संयोजकों एवं जिला प्रवक्ताओं की नियुक्ति, जनसंपर्क अभियान तथा आगामी कार्यक्रमों को अंतिम रूप दिया गया। साथ ही यह भी निर्णय लिया गया कि परिसीमन के विषय पर समाज के बीच तथ्यात्मक एवं संवैधानिक जानकारी पहुँचाने के लिए व्यापक जनजागरण अभियान चलाया जाएगा।

बैठक में मुख्य रूप से पूर्व मंत्री बंधु तिर्की, दयामनी बारला, पूर्व मेयर रमा खलखो, शशि पन्ना, दीनबंधु बोइपोई, विनय उरांव, बिन्सय मुंडा, नीरज भोगता, विकास उरांव, सेल्सटीन कुजूर, रिंकू कच्छप, आर्सेन तिर्की, अनूप लकड़ा, सुनील मिंज, विकी धान, विजय भोगता, दिनेश सिंह, निश्चल सोय सहित विभिन्न जिलों से आए प्रतिनिधि एवं सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *