18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में गोड्डा की शिक्षा कुमारी ने जीता स्वर्ण, मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने किया सम्मानित

रांची : झारखंड की ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायतीराज मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप में स्वर्ण पदक विजेता शिक्षा कुमारी से मुलाक़ात की। इस अवसर पर गोड्डा की प्रतिभाशाली खिलाड़ी शिक्षा कुमारी को शानदार उपलब्धि पर हार्दिक बधाई एवं उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएँ दीं।

रांची स्थित आवासीय कार्यालय में इस मुलाकात के दौरान मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि शिक्षा ने स्वर्ण पदक जीतकर यह साबित कर दिया है कि दृढ़ संकल्प, कठोर परिश्रम और आत्मविश्वास के बल पर कोई भी लक्ष्य असंभव नहीं होता। उन्होंने कहा कि शिक्षा की यह उपलब्धि केवल एक पदक नहीं, बल्कि गोड्डा सहित पूरे झारखंड के लिए गर्व और प्रेरणा का प्रतीक है।

मंत्री ने कहा कि शिक्षा की सफलता राज्य की उन सभी बेटियों के लिए एक प्रेरणादायक संदेश है, जो अपने सपनों को साकार करने के लिए निरंतर प्रयासरत हैं। यदि अवसर, समर्पण और संकल्प साथ हों, तो बेटियाँ हर क्षेत्र में नई ऊँचाइयाँ हासिल कर सकती हैं। उन्हें विश्वास है कि शिक्षा आने वाले समय में राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी प्रतिभा का परचम लहराते हुए झारखंड और देश का नाम रोशन करेंगी। इस दौरान शिक्षा ने चैंपियनशिप से जुड़ी हुई महत्वपूर्ण जानकारियाँ और तैयारियों से जुड़ी जानकारी साझा की.

झारखंड बॉक्सिंग एसोसिएशन एवं सरायकेला-खरसावां जिला बॉक्सिंग संघ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित 18वीं झारखंड स्टेट सब जूनियर बॉक्सिंग चैंपियनशिप के 40-43 किलोग्राम भार वर्ग में गोड्डा की शिक्षा कुमारी ने पश्चिम सिंहभूम की खिलाड़ी सिली को पराजित कर स्वर्ण पदक अपने नाम किया।

मंत्री दीपिका पांडेय सिंह ने शिक्षा कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि राज्य सरकार खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत है, ताकि झारखंड के खिलाड़ी राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर अपनी पहचान स्थापित कर सकें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *