रामगढ़ में मेगा ब्लड डोनेशन कैंप में स्वास्थ्य मंत्री ने रक्तदाताओं को किया सम्मानित, रामगढ़ में मेडिकल कॉलेज की दिशा में पहल तेज

“लहू का रंग लाल होता है, यह कभी जात-पात और धर्म नहीं देखता” — डॉ. इरफान अंसारी

रामगढ़। झारखंड सेवा समिति द्वारा रामगढ़ में आयोजित विशाल मेगा ब्लड डोनेशन कैंप में मुख्य अतिथि के रूप में झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी शामिल हुए। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में युवाओं ने स्वेच्छा से रक्तदान कर मानवता की मिसाल पेश की।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा,

> “लहू का रंग लाल होता है और लाल कभी जात-पात, धर्म या मजहब नहीं देखता। जब किसी मरीज को रक्त की आवश्यकता होती है तो वही रक्त उसकी जान बचाता है। इसलिए आइए, नफरत नहीं, मोहब्बत फैलाइए और अपने रक्त से किसी की जिंदगी बचाइए।”

उन्होंने कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा महादान है। थैलेसीमिया, कैंसर, प्रसव, दुर्घटना एवं गंभीर बीमारियों से जूझ रहे हजारों मरीजों के लिए रक्त जीवनदान बनता है। रक्त का कोई कृत्रिम विकल्प नहीं है, इसलिए समाज के प्रत्येक स्वस्थ व्यक्ति को नियमित रक्तदान करना चाहिए।

डॉ. अंसारी ने झारखंड सेवा समिति के अध्यक्ष अमित सिंह, जिला प्रशासन एवं उपायुक्त ऋतुराज को सफल आयोजन के लिए बधाई देते हुए कहा कि राज्य के सभी जिलों में इस प्रकार के मेगा ब्लड डोनेशन कैंप आयोजित होने चाहिए, ताकि ब्लड बैंकों में पर्याप्त रक्त उपलब्ध रहे और किसी मरीज की जान रक्त के अभाव में न जाए।

स्वास्थ्य मंत्री ने कहा कि उन्होंने उपायुक्त ऋतुराज को निर्देश दिया है कि रामगढ़ में मेडिकल कॉलेज की स्थापना के लिए उपयुक्त भूमि चिन्हित कर प्रस्ताव उपलब्ध कराया जाए। सरकार का उद्देश्य राज्य के सभी क्षेत्रों में बेहतर चिकित्सा शिक्षा और स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि महागठबंधन सरकार के कार्यकाल में आठ नए मेडिकल कॉलेजों को स्वीकृति दी गई है और राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था में ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिल रहा है। RIMS-2, आधुनिक अस्पताल, नई तकनीक, डिजिटल हेल्थ सिस्टम और Google के साथ तकनीकी सहयोग जैसे कदम झारखंड को देश के अग्रणी स्वास्थ्य राज्यों में शामिल करेंगे।

डॉ. अंसारी ने कहा,

> “मैं पहले एक डॉक्टर हूं, उसके बाद मंत्री। मरीजों का दर्द समझना मेरी जिम्मेदारी है। हमारा लक्ष्य है कि झारखंड का कोई भी मरीज बेहतर इलाज के लिए राज्य से बाहर जाने को मजबूर न हो।”



उन्होंने यह भी घोषणा की कि आने वाले समय में प्रत्येक जिले में अत्याधुनिक ब्लड कॉल सेंटर स्थापित किए जाएंगे, ताकि आपातकालीन स्थिति में मरीजों को कम समय में रक्त उपलब्ध कराया जा सके।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त ऋतुराज ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में झारखंड की स्वास्थ्य व्यवस्था में तेजी से सकारात्मक बदलाव हो रहे हैं और रामगढ़ जिला भी स्वास्थ्य सेवाओं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेगा।

झारखंड सेवा समिति के अध्यक्ष अमित सिंह एवं कार्यक्रम संचालक बलजीत सिंह बेदी ने स्वास्थ्य मंत्री का स्वागत करते हुए कहा कि उनके नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में नए विश्वास का वातावरण बना है।

कार्यक्रम में कांग्रेस के युवा नेता रियाज अहमद, पप्पू, अर्शी आलम, छोटू यादव, जावेद अहमद, जितेंद्र प्रसाद, नंद प्रकाश गुप्ता, ए.के. झा, डॉ. मृत्युंजय, सिविल सर्जन, चिकित्सक, स्वास्थ्यकर्मी एवं बड़ी संख्या में सामाजिक कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

डॉ. इरफान अंसारी का संदेश

“रक्तदान केवल एक यूनिट रक्त देना नहीं, बल्कि किसी परिवार की उम्मीद, किसी मां की मुस्कान और किसी मरीज को नया जीवन देना है। आइए, हम सब मिलकर मोहब्बत का संदेश फैलाएं और नियमित रक्तदान कर मानवता की सेवा करें।”

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *