रांची में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर दंपति ने कहा – “आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा परिवार, प्रशासन दिलाए रकम वापस

दोस्ती के नाम पर 24 लाख से अधिक की कथित ठगी, पीड़ित परिवार ने लगाई न्याय की गुहार

Ranchi : राजधानी रांची में कथित धोखाधड़ी, विश्वासघात और मारपीट से जुड़े एक मामले ने तूल पकड़ लिया है। पीड़ित सहिल कुमार अग्रवाल ने मामले में न्याय की मांग को लेकर न्यायालय की शरण ली है। सहिल कुमार अग्रवाल ने वर्ष 2025 में अनीश सिन्हा के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई थी।
पीड़ित का आरोप है कि अनीश सिन्हा से उनकी गहरी दोस्ती थी और इसी विश्वास के आधार पर उन्होंने अलग-अलग समय में आर्थिक सहायता के तौर पर बड़ी रकम विभिन्न खातों में ट्रांसफर की। सहिल कुमार अग्रवाल के अनुसार, उन्होंने अनीश सिन्हा के खाते में लगभग 14 लाख रुपये, निशा सिन्हा के खाते में 6.24 लाख रुपये, सोनू वर्मा के खाते में 1 लाख रुपये, संपया कुमार चंद्रा के खाते में 2 लाख रुपये तथा पुनः अनीश सिन्हा के खाते में 1.02 लाख रुपये भेजे। इस प्रकार कुल 24 लाख 26 हजार 580 रुपये विभिन्न खातों में ट्रांसफर किए गए।
सहिल कुमार अग्रवाल और उनकी पत्नी अंकिता सिन्हा ने संयुक्त रूप से आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि मामला अगस्त 2025 से न्यायालय में लंबित है। उनका आरोप है कि मामले में नामजद आरोपी को जमानत मिल चुकी है, लेकिन अब तक उन्हें न्याय नहीं मिल पाया है।
पीड़ित दंपति ने कहा कि इस पूरे घटनाक्रम के कारण उनका परिवार आर्थिक और मानसिक संकट से गुजर रहा है। सहिल कुमार अग्रवाल ने भावुक होकर कहा कि वे पूरी तरह टूट चुके हैं और अपने बच्चों की स्कूल फीस तक देने की स्थिति में नहीं हैं।
दंपति ने रांची जिला प्रशासन और न्याय व्यवस्था से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग करते हुए कहा कि कानून के अनुसार उन्हें उनकी राशि वापस दिलाई जाए और मामले की गंभीरता से जांच सुनिश्चित की जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *