
“CIP और RINPAS को देश के सर्वश्रेष्ठ मानसिक स्वास्थ्य संस्थानों में शामिल करना मेरा लक्ष्य है” – डॉ. इरफान अंसारी
आज झारखंड, विशेषकर रांची के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण दिन रहा। राज्य के स्वास्थ्य, खाद्य आपूर्ति एवं आपदा प्रबंधन मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने स्थानीय विधायक कांके श्री सुरेश बैठा जी के साथ रांची स्थित रिनपास (RINPAS), कांके में अत्याधुनिक डीप ट्रांसक्रेनियल मैग्नेटिक स्टिमुलेशन (DTMS) सेंटर का उद्घाटन किया।

उद्घाटन समारोह में अपने संबोधन के दौरान कांके विधायक श्री सुरेश बैठा जी ने कहा कि स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी की सकारात्मक सोच, सक्रियता और दूरदर्शी नेतृत्व के कारण झारखंड के स्वास्थ्य क्षेत्र में लगातार ऐतिहासिक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। उन्होंने कहा कि रिनपास और सीआईपी जैसे संस्थानों में जो परिवर्तन आज दिखाई दे रहा है, वह पहले कभी नहीं देखा गया। आने वाले दिनों में ये संस्थान राष्ट्रीय स्तर पर नई पहचान बनाएंगे।

इस अवसर पर स्वास्थ्य मंत्री डॉ. इरफान अंसारी ने कहा कि जब वे पहली बार सेंट्रल इंस्टीट्यूट ऑफ साइकियाट्री (CIP) और रिनपास आए थे, तब यहां की स्थिति देखकर उन्हें काफी चिंता हुई थी। लेकिन आज इन संस्थानों में हुए सकारात्मक बदलाव देखकर उन्हें गर्व की अनुभूति हो रही है। उन्होंने कहा कि मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में झारखंड अब तेजी से आगे बढ़ रहा है और सरकार इसे देश के सर्वश्रेष्ठ मॉडल के रूप में विकसित करने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने कहा कि DTMS तकनीक डिप्रेशन, OCD तथा अन्य मानसिक बीमारियों से जूझ रहे मरीजों के लिए वरदान साबित होगी। अब मरीजों को बेहतर इलाज के लिए दूसरे राज्यों का रुख नहीं करना पड़ेगा।
डॉ. अंसारी ने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि बच्चों पर अनावश्यक मानसिक दबाव न डालें तथा मोबाइल फोन का उपयोग सीमित करें। आज बड़ी संख्या में बच्चे मानसिक तनाव और डिजिटल लत के कारण प्रभावित हो रहे हैं, जो गंभीर चिंता का विषय है।
उन्होंने कहा कि Brain-Machine Interfaces (BMI) एवं Brain-Computer Interfaces (BCI) जैसी आधुनिक तकनीकों की दिशा में भी झारखंड तेजी से आगे बढ़ रहा है। यह तकनीक भविष्य में मानसिक स्वास्थ्य उपचार के क्षेत्र में नई क्रांति लाएगी।

कार्यक्रम में लोयोला क्लब की गवर्नर सुश्री नम्रता जी, रिनपास एवं सीआईपी के वरिष्ठ चिकित्सक, अधिकारीगण तथा बड़ी संख्या में गणमान्य लोग उपस्थित थे। सभी ने स्वास्थ्य मंत्री के नेतृत्व में स्वास्थ्य क्षेत्र में हो रहे सकारात्मक बदलावों की सराहना की।
“स्वस्थ झारखंड, सशक्त झारखंड — यही हमारा संकल्प है।”

