सरला बिरला पब्लिक स्कूल में इन्वेस्टिचर सेरेमनी के साथ नई छात्र परिषद ने संभाली जिम्मेदारी

सरला बिरला पब्लिक स्कूल, राँची में शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए नव-निर्वाचित छात्र परिषद के सम्मान में इन्वेस्टिचर सेरेमनी का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। यह प्रेरणादायी समारोह छात्र प्रतिनिधियों के नेतृत्व, प्रतिबद्धता, उत्तरदायित्व, अनुशासन एवं सेवा-भाव का उत्सव था, जिसमें उन्हें औपचारिक रूप से अपने दायित्वों का निर्वहन करने की जिम्मेदारी सौंपी गई। कार्यक्रम का शुभारम्भ स्वागत भाषण के साथ हुआ। इसके पश्चात प्राचार्या, श्रीमती मनीषा शर्मा द्वारा मंगल दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत उद्घाटन किया गया। इसके उपरांत विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत भावपूर्ण सरस्वती वंदना तथा प्रेरणादायी समूहगान ने पूरे वातावरण को आध्यात्मिक गरिमा, उत्साह, ऊर्जा एवं सकारात्मकता से भर दिया।

इसके बाद नव-निर्वाचित छात्र परिषद ने अनुशासन, एकता, आत्मविश्वास एवं गरिमा का परिचायक स्लो मार्च-पास्ट प्रस्तुत किया। विद्यार्थियों की सुसंगठित एवं प्रभावशाली कदमताल इस बात का प्रतीक थी कि वे विद्यालय द्वारा सौंपे गए उत्तरदायित्वों का पूर्ण निष्ठा, ईमानदारी एवं समर्पण के साथ निर्वहन करने के लिए पूर्णतः तैयार हैं।

इसके पश्चात बैज कॉन्फरिंग सेरेमनी सम्पन्न हुई, जिसमें प्राचार्या, श्रीमती मनीषा शर्मा ने नव-निर्वाचित छात्र पदाधिकारियों को बैज पहनाकर उनके दायित्वों का औपचारिक दायित्व सौंपा। तत्पश्चात हेड गर्ल के नेतृत्व में शपथ ग्रहण समारोह सम्पन्न हुआ, जिसमें छात्र परिषद के सभी सदस्यों ने अनुशासन, सत्यनिष्ठा, ईमानदारी तथा उत्तरदायित्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने एवं अपने सहपाठियों के लिए आदर्श बनने की शपथ ली। कार्यक्रम का समापन विद्यालय-गान तथा राष्ट्रगान के साथ हुआ। समारोह को हेड बॉय एवं हेड गर्ल के प्रेरणादायी संबोधनों ने और अधिक गरिमामय बना दिया। दोनों छात्र नेताओं ने विद्यालय, शिक्षकों एवं अपने साथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए सत्यनिष्ठा, उत्तरदायित्व, विनम्रता, समर्पण और उत्कृष्ट नेतृत्व के साथ अपने दायित्वों का निर्वहन करने तथा विद्यालय के आदर्शों को सदैव सर्वोपरि रखने का संकल्प व्यक्त किया।

प्राचार्या, श्रीमती मनीषा शर्मा ने नव-निर्वाचित छात्र परिषद को संबोधित करते हुए कहा कि सच्चा नेतृत्व अधिकार प्राप्त करने में नहीं, बल्कि सेवा, करुणा, संवेदनशीलता, उत्तरदायित्व एवं जवाबदेही के साथ कार्य करने में निहित होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को प्रेरित किया कि वे अपने उत्कृष्ट आचरण, अनुशासन एवं चरित्र से दूसरों के लिए आदर्श बनें, अपने साथियों का मार्गदर्शन करें तथा विद्यालय के उच्च आदर्शों एवं मूल्यों को आत्मसात करते हुए एक सशक्त, सकारात्मक एवं समावेशी विद्यालय वातावरण के निर्माण में सक्रिय योगदान दें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *