घुटना और कूल्हा प्रत्यारोपण मरीजों ने रिकवरी की प्रेरणादायक कहानियां साझा की

पारस एचईसी हॉस्पिटल की ‘स्ट्राइड ऑफ चैंपियंस’ बनी प्रेरणा का मंच

रांची: पारस एचईसी हॉस्पिटल, रांची के तत्वावधान में रविवार को होटल रमाडा में आयोजित ‘स्ट्राइड ऑफ चैंपियंस’ कार्यक्रम में घुटना प्रत्यारोपण (टोटल नी रिप्लेसमेंट) और कूल्हा प्रत्यारोपण (टोटल हिप रिप्लेसमेंट) सर्जरी करा चुके मरीजों ने रैंप वॉक कर अपने आत्मविश्वास और नई जिंदगी का परिचय दिया।

इस विशेष आयोजन में पारस हेल्थ के ऑर्थोपेडिक सर्जन डॉ. विवेक डेविड एवं उनकी टीम  की देखरेख में सफल सर्जरी करा चुके मरीजों ने भाग लिया। प्रतिभागियों ने बताया कि आधुनिक चिकित्सा तकनीक, विशेषज्ञ उपचार और नियमित पुनर्वास की मदद से सर्जरी के बाद भी सामान्य, सक्रिय और आत्मनिर्भर जीवन जिया जा सकता है। रैंप वॉक के दौरान मरीजों ने पूरे आत्मविश्वास के साथ अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और रिकवरी की प्रेरणादायक कहानियां साझा कीं।

इस अवसर पर डॉ. विवेक डेविड ने कहा कि घुटना और कूल्हा प्रत्यारोपण केवल एक सर्जरी नहीं, बल्कि मरीजों को नई जिंदगी देने की प्रक्रिया है। मंच पर मरीजों को आत्मविश्वास के साथ चलते देखना चिकित्सकों के लिए सबसे बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि यह कार्यक्रम उन लोगों के लिए प्रेरणा है, जो अब भी सर्जरी को लेकर संशय में हैं।

हॉस्पिटल के फैसिलिटी डायरेक्टर डॉ नीतेश कुमार ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य घुटना और कूल्हा प्रत्यारोपण सर्जरी को लेकर लोगों के मन में व्याप्त भय, संकोच और भ्रांतियों को दूर करना है। उन्होंने कहा कि आज के प्रतिभागियों ने यह साबित कर दिया है कि उचित इलाज और देखभाल से मरीज न केवल सामान्य जीवन में लौट सकते हैं, बल्कि पहले की तरह सक्रिय और आत्मनिर्भर भी बन सकते हैं।

कार्यक्रम के दौरान मरीजों और उनके परिजनों ने चिकित्सकों के प्रति आभार व्यक्त किया। आयोजन में उपस्थित लोगों ने रैंप वॉक में शामिल प्रतिभागियों के उत्साह, आत्मविश्वास और जज्बे की सराहना की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *