डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय में आदिवासी छात्र संघ का ताला-बंदी एवं विरोध प्रदर्शन

आज आदिवासी छात्र संघ (ACS) के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी विश्वविद्यालय (DSPMU), राँची में ताला-बंदी कर विरोध प्रदर्शन किया गया। इस दौरान सुबह 11:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक विश्वविद्यालय में कक्षाएं पूरी तरह बंद रहीं।

यह आंदोलन खेल विभाग से जुड़े गंभीर आरोपों को लेकर किया गया। छात्र-छात्राओं का आरोप है कि खेल शिक्षक परमेश्वर महतो द्वारा राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में शामिल कराने के नाम पर कई खिलाड़ियों से अवैध रूप से धन की वसूली की गई। साथ ही महिला छात्राओं ने यौन शोषण के गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्रों का यह भी कहना है कि खेल शिक्षक द्वारा खिलाड़ियों के साथ अभद्र व्यवहार एवं दुर्व्यवहार किया जाता है। इसके अतिरिक्त विश्वविद्यालय के खेल प्रमाण-पत्र (स्पोर्ट्स सर्टिफिकेट) बाहरी लोगों को लाखों रुपये लेकर जारी किए जाने की भी शिकायत सामने आई है।

इन सभी मामलों को लेकर आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष विवेक तिर्की के नेतृत्व में 27 अप्रैल 2026 को विश्वविद्यालय के कुलपति राजीव मनोहर को छात्रों द्वारा लिखित आवेदन एवं ज्ञापन सौंपा गया था। उस समय कुलपति ने खेल विभाग से संबंधित सभी शिकायतों की निष्पक्ष जांच कर शीघ्र कार्रवाई का आश्वासन दिया था।

इसके बाद 5 जून 2026 को आदिवासी छात्र संघ के प्रतिनिधिमंडल ने राज्यपाल से मुलाकात कर पूरे मामले से उन्हें अवगत कराया। संघ का आरोप है कि अब तक किसी भी दोषी के विरुद्ध कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। ACS के दबाव में जांच समिति का गठन तो किया गया, लेकिन आज तक उसकी जांच रिपोर्ट सार्वजनिक नहीं की गई।

इन्हीं मांगों को लेकर छात्रों ने अवैध वसूली, महिला छात्राओं के कथित शोषण, खिलाड़ियों के साथ अन्याय तथा छात्र हितों की अनदेखी के विरोध में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन के दौरान विश्वविद्यालय के कुलपति एवं खेल विभाग के समन्वयक (कोऑर्डिनेटर) का पुतला दहन भी किया गया।

इस आंदोलन में ACS के केंद्रीय सक्रिय सदस्य प्रकाश भगत, नामकुम प्रखण्ड इकाई के अध्यक्ष निशांत तिर्की, DSPMU की उपाध्यक्ष दीपा कच्छप, सचिव अमित टोप्पो, सीमा मुर्मू, अनिता तिर्की, निराली नीतू केरकेट्टा, अक्षय महतो, रोहित उराँव, ओम प्रकाश उराँव, Ru के मांडर कॉलज अध्यक्ष लक्ष्मण उराँव, पूर्व सचिव संदीप उराँव, झारखंड स्पोर्ट्स यूनियन के अनूप कुमार यादव, रोहित राज, आकाश गुप्ता, सुनील यादव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएँ उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *