मेहरमा प्रखंड को मिली 2.21 करोड़ रुपये की तीन सड़क योजनाओं की सौगात

महागामा विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत मेहरमा प्रखंड में ग्रामीण आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने की दिशा में आज तीन महत्वपूर्ण पथ सुदृढ़ीकरण योजनाओं का शिलान्यास किया गया। झारखंड सरकार की माननीय ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह ने इन योजनाओं का विधिवत शिलान्यास कर क्षेत्रवासियों को बेहतर सड़क संपर्क की सौगात दी।

शिलान्यास की गई योजनाओं में LO28 PWD मुख्य सड़क से बेनीदास भुस्का तक 3.230 किलोमीटर लंबी पथ सुदृढ़ीकरण योजना शामिल है, जिसकी स्वीकृत लागत 96 लाख रुपये है। इसके अतिरिक्त LO52 घोरीचक से कुमारडीहा तक 1.800 किलोमीटर लंबी सड़क योजना का शिलान्यास किया गया, जिसकी लागत 53 लाख रुपये है। वहीं LO27 आर.ई.ओ. रोड से बासकीकित्ता तक 1.600 किलोमीटर लंबी पथ सुदृढ़ीकरण योजना का भी शुभारंभ किया गया, जिस पर 72 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे।

इन तीनों योजनाओं पर कुल 2 करोड़ 21 लाख रुपये की लागत आएगी। परियोजनाओं के पूर्ण होने के बाद मेहरमा प्रखंड के अनेक गांवों में आवागमन अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगा। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में सहूलियत मिलेगी, विद्यार्थियों को शिक्षा संस्थानों तक बेहतर पहुंच प्राप्त होगी तथा स्थानीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

इस अवसर पर मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि महागामा विधानसभा क्षेत्र के प्रत्येक गांव तक गुणवत्तापूर्ण सड़क एवं अन्य आधारभूत सुविधाएं पहुंचाना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए वादों को लगातार पूरा किया जा रहा है और विकास कार्यों की यह निरंतर यात्रा क्षेत्र के समग्र विकास के संकल्प को सशक्त बना रही है।

उन्होंने कहा कि जनता का विश्वास ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और इसी विश्वास के साथ महागामा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्य निरंतर जारी रहेंगे। सरकार का लक्ष्य है कि ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर आधारभूत संरचना से जोड़कर लोगों के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाया जाए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *