
रांची | संवाददाता
रांची के प्रतिष्ठित विद्यालय सरला बिरला पब्लिक स्कूल ने एक बार फिर शैक्षणिक उत्कृष्टता का नया कीर्तिमान स्थापित किया है। सीबीएसई कक्षा 10वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में विद्यालय के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए अपने ही पिछले रिकॉर्ड को तोड़ दिया।
इस वर्ष कुल 94 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिक अंक प्राप्त कर विद्यालय को गौरवान्वित किया।


विद्यालय की छात्रा राधिका लोधा ने 98.6 प्रतिशत अंक प्राप्त कर टॉपर बनने का गौरव हासिल किया। वहीं, समृद्धि पोद्दार ने 98 प्रतिशत अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। अमन अग्रवाल, नव्या राज एवं आश्रय अरोड़ा ने 97.8 प्रतिशत अंक के साथ संयुक्त रूप से तृतीय स्थान हासिल किया।
यह परिणाम न केवल विद्यार्थियों की मेहनत और अनुशासन को दर्शाता है, बल्कि विद्यालय के उच्च शैक्षणिक स्तर और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रणाली को भी प्रतिबिंबित करता है।



अपनी सफलता पर खुशी व्यक्त करते हुए टॉपर राधिका लोधा ने कहा कि वे अपने परिणाम से बेहद उत्साहित हैं। उन्होंने अपनी इस उपलब्धि का श्रेय अपने शिक्षकों के मार्गदर्शन और विद्यालय के सहयोगात्मक वातावरण को दिया। साथ ही उन्होंने अन्य छात्रों को सलाह दी कि वे मोबाइल और सोशल मीडिया के अत्यधिक उपयोग से बचें और सफलता के लिए एकाग्रता व समय प्रबंधन को प्राथमिकता दें।




विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने विद्यार्थियों की इस उपलब्धि पर हर्ष व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता छात्रों की दृढ़ता, शिक्षकों की मेहनत और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि विद्यालय सदैव छात्रों के सर्वांगीण विकास और उत्कृष्टता के लिए प्रतिबद्ध है।
इस शानदार उपलब्धि के साथ सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची ने एक बार फिर यह साबित कर दिया है कि सही मार्गदर्शन और कड़ी मेहनत से सफलता निश्चित है।




