महागामा में सड़क, सिंचाई, जैविक खेती एवं ग्रामीण आजीविका को मिली नई गति

झारखंड सरकार की माननीय ग्रामीण विकास, ग्रामीण कार्य एवं पंचायती राज मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह  ने महागामा के मेहरमा और ठाकुरगंगटी प्रखंड में कई महत्वपूर्ण विकास योजनाओं का उद्घाटन एवं शिलान्यास किया। इन पहलों के माध्यम से ग्रामीण आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करने, कृषि एवं सिंचाई सुविधाओं के विस्तार, प्राकृतिक खेती को प्रोत्साहन तथा महिलाओं के आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए।

मुख्यमंत्री ग्राम सड़क सुदृढ़ीकरण योजना के अंतर्गत ठाकुरगंगटी प्रखंड में दुधकोल से बाघाकोल (पीएमजीएसवाई मार्ग) तक 1.750 किलोमीटर लंबी सड़क के सुदृढ़ीकरण कार्य का शिलान्यास किया गया। लगभग ₹1 करोड़ 63 लाख की लागत से बनने वाली यह सड़क क्षेत्र के ग्रामीणों, किसानों, विद्यार्थियों एवं आमजन के लिए सुरक्षित एवं सुगम आवागमन सुनिश्चित करेगी। साथ ही कृषि उपज के परिवहन, बाजार तक पहुँच और स्थानीय आर्थिक गतिविधियों को नई गति मिलेगी।

मेहरमा प्रखंड के परसा गांव में समुदाय आधारित क्लाइमेट स्मार्ट अवसंरचना का उद्घाटन किया गया। इस परियोजना के अंतर्गत सौर ऊर्जा संचालित लिफ्ट सिंचाई प्रणाली के माध्यम से लगभग 60 से 70 एकड़ कृषि योग्य भूमि को सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी। साथ ही सोलर स्ट्रीट लाइट की स्थापना से क्षेत्र में बेहतर प्रकाश व्यवस्था सुनिश्चित की गई है।

यह परियोजना JSLPS) एवं PRADAN के संयुक्त प्रयास से संचालित की जा रही है। इसका संचालन स्वयं सहायता समूह की महिलाएँ करेंगी, जिससे ग्रामीण महिलाओं को नेतृत्व, प्रबंधन एवं आजीविका के नए अवसर प्राप्त होंगे।
ठाकुरगंगटी प्रखंड के दूधकोल में जैविक संसाधन केंद्र का उद्घाटन किया गया। यह केंद्र जैविक खेती, स्थानीय ज्ञान एवं प्राकृतिक संसाधनों पर आधारित टिकाऊ कृषि पद्धतियों को बढ़ावा देगा। इसके माध्यम से स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को प्रशिक्षण, तकनीकी सहयोग और आय के नए अवसर प्राप्त होंगे। यह पहल किसानों को रासायनिक खेती पर निर्भरता कम कर प्राकृतिक एवं लागत प्रभावी कृषि अपनाने के लिए प्रेरित करेगी।

ठाकुरगंगटी प्रखंड स्थित हरिदेवी रेफरल अस्पताल परिसर में स्वर्गीय रामेश्वर ठाकुर जी की पूजनीय माता स्व. हरिदेवी जी की स्मृति में निर्मित स्मारक का अनावरण भी किया गया। स्व. हरिदेवी जी की पुण्य स्मृति में स्थापित यह स्मारक मातृशक्ति के सम्मान, संस्कारों के प्रति श्रद्धा और समाजसेवा के मूल्यों का प्रेरक प्रतीक है।

इस अवसर पर माननीय मंत्री श्रीमती दीपिका पांडेय सिंह ने कहा कि राज्य सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को सुदृढ़ करना, किसानों को आधुनिक एवं टिकाऊ कृषि से जोड़ना तथा महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाना है। उन्होंने कहा कि महागामा के प्रत्येक गांव तक विकास की रोशनी पहुँचाना और समुदाय आधारित भागीदारी को मजबूत करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *