कारगिल के अमर वीरों को सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची की भावभीनी श्रद्धांजलि

कारगिल विजय दिवस के पावन अवसर पर सरला बिरला पब्लिक स्कूल, रांची में राष्ट्र की रक्षा हेतु अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले वीर सैनिकों के अदम्य साहस, अद्वितीय पराक्रम और अमर बलिदान को श्रद्धापूर्वक नमन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों में राष्ट्रप्रेम, कर्तव्यनिष्ठा एवं देशसेवा की भावना जागृत करने के उद्देश्य से विविध प्रेरणादायी कार्यक्रमों का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ विशेष प्रार्थना सभा से हुआ। विद्यार्थियों ने ओजस्वी भाषणों, देशभक्ति से ओतप्रोत विचारों तथा प्रभावशाली प्रस्तुतियों के माध्यम से कारगिल विजय दिवस के ऐतिहासिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारतीय सशस्त्र सेनाओं के अद्वितीय शौर्य और पराक्रम का स्मरण किया। इस अवसर पर कारगिल के अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उनके सर्वोच्च बलिदान तथा राष्ट्र की संप्रभुता की रक्षा के प्रति उनके अटूट समर्पण को कृतज्ञतापूर्वक याद किया गया।
विद्यार्थियों को कारगिल युद्ध एवं भारत के गौरवशाली सैन्य इतिहास से परिचित कराने के उद्देश्य से एक रोचक प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतिभागियों ने पूरे उत्साह और आत्मविश्वास के साथ अपनी जानकारी का प्रदर्शन किया। साथ ही ज्ञानवर्धक प्रस्तुतियों के माध्यम से विद्यार्थियों को साहस, कर्तव्यपरायणता, अनुशासन, राष्ट्रभक्ति तथा राष्ट्रीय गौरव जैसे जीवन-मूल्यों को आत्मसात करने की प्रेरणा दी गई।
कार्यक्रम के समापन पर विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने कारगिल के वीर सेनानियों के आदर्शों का अनुसरण करते हुए राष्ट्रभक्ति, राष्ट्रीय एकता, सामाजिक उत्तरदायित्व तथा निःस्वार्थ सेवा के मूल्यों का पालन करने का सामूहिक संकल्प लिया।
विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मनीषा शर्मा ने कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए विद्यार्थियों एवं शिक्षकों की सराहना करते हुए कहा कि ‘‘कारगिल के वीरों का सर्वोच्च बलिदान प्रत्येक भारतीय के लिए प्रेरणास्रोत है। उनके त्याग और समर्पण का स्मरण नई पीढ़ी में राष्ट्रप्रेम, जिम्मेदारी, संवेदनशीलता तथा देश के प्रति अटूट निष्ठा का संचार करता है।‘‘

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *